केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो – सीबीआई ने लोकसभा सांसद और तृणमूल कांग्रेस नेता सुदीप बंधोपाध्याय को रोज वेली चिट फंड घोटाला मामले में गिरफ्तार किया है। आज कोलकाता में सीबीआई कार्यालय में तीन घंटे से अधिक समय तक पूछताछ के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सूत्रों के अनुसार श्री बंधोपाध्याय को इस घोटाले के बारे में और पूछताछ के लिए भुवनेश्वर ले जाये जाने की संभावना है। इससे पहले पूछताछ के लिए सीबीआई कार्यालय पहुंचने पर संवाददाताओं से बातचीत में श्री बंधोपाध्याय ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार उनके और उनकी पार्टी के खिलाफ राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। इसी मामले में पार्टी के अन्य सांसद तापस पाल को पुलिस हिरासत में भेजे जाने के तुरंत बाद श्री बंधोपाध्याय की गिरफ्तारी की गई।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने श्री बंधोपाध्याय की गिरफ्तारी की खबरों पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सीबीआई की इस कार्रवाई को केंद्र की बदले की राजनीतिक की संज्ञा दी। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ने पार्टी की कार्य योजना तय करने के लिए आपात बैठक भी बुलाई है। इस बीच, तृणमूल कांग्रेस सदस्यों और उसकी छात्र शाखा के कार्यकर्ताओं ने मध्य कोलकाता स्थित भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय पर जमा होकर विरोध प्रदर्शन किया। भारतीय जनता पार्टी ने सी बी आई द्वारा चिट फंड घोटाला मामले में तृणमूल कांग्रेस के सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी के बाद कोलकता में भाजपा मुख्यालय पर कथित हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया है। आज नई दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में पार्टी सचिव सिद्धार्थ नाथ सिंह ने इसे तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा योजनाबद्ध हमला बताया। इट्स ए प्लान अटैक ऑन द बीजेपी हैडक्वार्टरस बाय द टीएमसी गुन्स। ये डायरेक्ट रीजल्ट है सुदीप्तो बंदोपाध्याय को एरेस्ट करना और टीएमसी के लोगों को दंगा करते हुए आज जो देखा गया है ये डायरेक्ट रीजल्ट है जोकि टीएमसी की पॉलिसी है सिद्धांत है।