कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तरप्रदेश तथा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी अपने पुत्र रोहित शेखर के साथ आज नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के आवास पर वे भाजपा में शामिल हुए। 91 वर्षीय श्री तिवारी उत्तरप्रदेश के तीन बार और उत्तराखंड के एक बार मुख्यमंत्री रह चुके हैं। उन्होंने केन्द्र में कांग्रेस की सरकार के दौरान महत्वपूर्ण मंत्रालयों का कार्य संभाला। वे आन्ध्रप्रदेश के राज्यपाल भी रहे। भाजपा ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में उनके पुत्र रोहित शेखर को हल्द्वानी से टिकट भी दिया है । भारतीय जनता पार्टी को आशा है कि नारायण दत्त तिवारी और उनके पुत्र रोहित शेखर के पार्टी में शामिल होने से कुमाऊं क्षेत्र में भाजपा को बढ़त मिलेगी। उत्तराखंड की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए पार्टी ने 64 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। राज्य में 15 फरवरी को एक ही चरण में मतदान होगा। अधिसूचना शुक्रवार को जारी की जायेगी।