हरदोई– शाहाबाद इलाके में बुधवार की दोपहर घर से घूमने निकला युवक पिपरिया गांव के पास गर्रा नदी में डूब गया था। जिसका शव करीब 24 घण्टे बाद पचदेवरा क्षेत्र में कपूरपुर के पास मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शाहाबाद थाना क्षेत्र के वासित नगर निवासी अरविंद पुत्र रामकुमार दीक्षित बुधवार को घर से टहलने के लिये निकला था। धीरे-धीरे वह गर्रा नदी के किनारे चला गया। वहां गहरे पानी में डूब गया। घटना की जानकारी होते ही युवक के परिजन गर्रा नदी पर पँहुचे और रोने बिलखने लगे। नदी में डूबा युवक अविवाहित था। वहीं घटना की जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों व गोताखोरों की मदद से युवक की खोजबीन के प्रयास शुरू किए। करीब 24 घंटे बाद डूबे हुए युवक का शव पचदेवरा थाना क्षेत्र में कपूरापुर गांव के पास उतराता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवाकर कब्जे में लिया और पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एएसपी पश्चिमी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि शाहाबाद में घर से निकला एक युवक पिपरिया गांव के पास गर्रा नदी में डूब गया था। ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की। जिसका शव करीब 24 घंटे बाद पचदेवरा थाना क्षेत्र के कपूरपुर में मिला है। पुलिस ने शव को निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जायेगी।