नदी में नहाने गया मासूम डूबा मौत

हरदोई 23 दिसंबर- सांडी थाना क्षेत्र के छितरामऊ गांव किनारे से गुजरी गर्रा नदी में हमउम्र दोस्तों के साथ नहने गया मासूम बाालक डूब गया। कड़ी मशक्कत के बाद उसके शव को खोजा जा सका। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

थाना क्षेत्र के छितरामऊ गांव निवासी राजकिशोर का 3 वर्षीय पुत्र रमन जानकारी के अनुसार शनिवार की दोपहर गांव के हमउम्र बालकों के साथ खेल-खेल में गांव किनारे से गुजरी गर्रा नदी पर पहुंच गया। सभी बच्चों के साथ वह भी नदी नहाने लगा। अचानक इसी बीच वह गहरे पानी में चला गया व डूब गया। साथ में नहा रहे बच्चों ने इसकी जानकारी उसके परिजनो को दी। सूचना मिलने पर परिवारीजन मौके पर जा पहुंचे और बच्चे की तलाश शुरू की गई। जानकारी मिलने पर इलाकाई पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। ग्रामीणों व पुलिस की देर तक कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम उसके शव को बरामद किया गया। रविवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए लाया गया। जहां से शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। मृतक के परिवार में उसकी छोटी बहन काव्या मां छाया बताई गई है। हादसे के बाद मां के आंसू नहीं थम रहे हैं।