मजदूर को पैसे मांगने पर जमकर पीटा, सांडी पक्षी विहार का मामला

हरदोई– सांडी पक्षी विहार में तैनात कर्मचारी की दबंगई देखने को मिली है। जिसमें काम करने वाले दलित मजदूर को पैसे मांगने पर जमकर पीट दिया। वहां से किसी तरह छूटकर आए मजदूर ने पुलिस से शिकायत की है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

बताया गया कि सांडी थाना क्षेत्र के ब्रजेश कुमार फर्नीचर बनाने का कार्य करते है। जिससे होने वाली आमदनी से वह अपने परिवार का पालन-पोषण करते है। एक वर्ष पहले उन्होंने पक्षी विहार में फर्नीचर बनाने का काम किया था। जिसमें सांडी पक्षी विहार के कर्मचारी पर उनकी 13,000 रुपये की मजदूरी हो गई थी। जिसके लिए वह कर्मचारी आलोक के पास कई बार जा चुका था। लेकिन इतना दौड़ने के बाद भी उसको एक वर्ष में कोई मजदूरी नहीं मिली।

सोमवार को पक्षी विहार के कर्मचारी आलोक ने मजदूरी देने के लिए उसको फोन कर बुलाया। जिस पर वह पक्षी विहार पहुंचा तो एकाएक उसको आलोक ने बंधक बना लिया, फिर उसको लाठी डंडे से पीटना शुरू कर दिया। जिससे दलित ब्रजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। फिर किसी तरह वहां से छूटकर वह थाने पहुंचा जिसने पुलिस से शिकायत की। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। 

एएसपी पूर्वी नृपेंद्र कुमार ने बताया कि थाना सांडी के पक्षी विहार का प्रकरण है। जहां पर एक आलोक वन विभाग में तैनात है। इनके ऊपर मजदूर ने पैसे के लेनदेन को लेकर मारपीट का आरोप लगाया है। जिसकी तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जायेगी।