कांग्रेस विधायक दल पंजाब के नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह चंडीगढ़ राजभवन में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राजभवन के एक प्रवक्ता के हवाले से बताया गया है कि कैप्टन सिंह ने आज राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया और उन्हें पार्टी विधायकों की सूची सौंपी।
पंजाब में दस साल के बाद कांग्रेस सरकार बनाने जा रही है। गत दस वर्ष शिरोमणि अकाली दल, भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही। कैप्टन अमरिन्दर सिंह 14 मार्च को नई दिल्ली में राहुल गांधी से मिलकर मंत्रिमंडल के गठन पर विचार करेंगे। इसी दौरान राज्यपाल वी.पी. सिंह बदनौर ने वर्तमान 14वीं विधानसभा को मंत्रिमंडल की सिफारश पर भंग कर दिया है। नई 15वीं विधानसभा 18 मार्च तक बन जायेगी क्योंकि वर्तमान विधानसभा की मियाद 19 मार्च को खत्म हो रही है।