स्कूलों में मनाया गया आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम

स्कूल में विद्यार्थियों को कराया विशेष भोजन, बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम किए प्रस्तुत

कछौना, हरदोई। विकास खण्ड कछौना के प्राथमिक विद्यालय समसपुर व संविलियन विद्यालय बरौली में शुक्रवार को आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम धूमधाम से मनाया गया। भारत माता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रधानाचार्य समसपुर व बरौली ने कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस दौरान संविलियन विद्यालय बरौली के प्रधानाचार्य रामनरेश त्रिपाठी ने उपस्थितजन को आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम का उद्देश्य बताते हुए कहा कि यह महोत्सव देश की आजादी के लिये बलिदान हो गये हुतात्माओं को श्रद्धांजलि तथा उनके परिवारों के सम्मान देने के लिये आयोजित किया जा रहा है। वहीं छात्रों को अपनी पढ़ाई मन लगाकर करने के लिए प्रेरित किया। 

प्रधानाध्यापक रामनरेश त्रिपाठी व स.अ. देवेन्द्र कुमार, सुबोध कुमार, सरोजनी देवी व अनुचर नैमिष प्रताप सिंह व ग्राम प्रधान सहित छात्र-छात्राओं ने गांव में रैली निकाल कर लोगों को स्वत्रंत्रता दिवस पर अपने अपने घरों पर तिरंगा फहराने हेतु जागरूक किया।       

इसी क्रम में शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय समसपुर में आजादी के अमृत महोत्सव का आगाज अत्यन्त उत्साह उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा किसी भी देश का भविष्य तभी उज्ज्वल होता है। जब वह अपने पिछले विरासत के गौरव के साथ पल-पल जुड़ा रहता है। भारत के पास एक समृद्ध ऐतिहासिक चेतना और सांस्कृतिक विरासत का अथाह भंडार है। जिस पर हमें गर्व होना चाहिए। आजादी का अमृत महोत्सव भारत के स्वतंत्रता सेनानियों की उपलब्धियों, विजय और बलिदानों को मनाने और जानने के लिए, भारत सरकार द्वारा शुरू की गई एक पहल है। आजादी का अमृत वर्ष हमारे राष्ट्र की यात्रा में ऐसा ही एक गौरवमय पड़ाव है। कार्यक्रम के शिक्षक गण व विद्यालय प्रबन्ध समिति के सदस्यों व विद्यार्थियों सहित ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम में झंडा गीत, एवं अन्य देशभक्ति गीत गाते हुये गाँव में रैली निकालकर ग्रामवासियों को जागरूक किया गया। हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत सभी घरों में छात्रों द्वारा तिरंगे लगाये गये। विद्यालय में 'हर घर तिरंगा' व आजादी के अमृत महोत्सत पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने एक दूसरे के चेहरे पर महोत्सव आधारित पेंटिंग भी बनाई। विशेषभोज के अन्तर्गत सभी बच्चों को सूजी का हलवा वितरित किया गया। 

रक्षाबन्धन का त्यौहार मनाते हुये विद्यार्थियों ने राखी बनाकर बाँधी व एक दूसरे के मेहंदी भी लगाई। इस दौरान ग्रामवासियो ने तिरंगा यात्रा में भाग लेकर महोत्सव मनाने से उत्साहित दिखाई दिये।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता