बरसात में लिप्टिस के पेड़ों के गिरने से घर की दीवारें गिरीं

सौरभ सिंह (पिहानी)

———————————————————–

हरदोई|किसी भी शख्स के हताहत होने की सूचना नहीं

बारिश से जलमग्न हुई कस्बे में कटरा बाजार की सड़कें, बारिश होने से  लोगों ने ली राहत की सांस

पिहानी।

शुक्रवार रात कस्बे के रामलीला मैदान के नजदीक बने एक घर के ऊपर सड़क किनारे लगे लिप्टिस के दो पेड़ों के गिर जाने से घर की दीवारें गिर गईं।  यह घटना तब घटी जब शुक्रवार रात्रि को बारिस हो रही थी। जानकारी के मुताबिक रामलीला से मोहल्ला लोहानी को जोडने वाली सड़क पर शुक्रवार रात को करीब 11 बजे सड़क के किनारे लगे दो लिप्टिस के पेड़ घर के ऊपर गिर गए। जिसमें से एक पेड़ घर की एक तरफ वाली दीवार पर और दूसरा पेड़ घर के बीच वाले हिस्से पर गिरा।

घटना के समय के घर में सिर्फ दो सदस्य ही मौजूद थे, जिसमें से कोई भी हताहत नहीं हुआ। पेड़ गिरने से घर के दोनों तरफ की दीवारें गिर गईं।

गृह स्वामी शिवराज ने बताया कि पेड़ों की जड़े सड़क किनारे दलदली मिट्टी में थीं और बारिश के होने से जड़ों की मजबूती कम होने की वजह से पेड़ घर के ऊपर गिर गए। हालांकि किसी के भी हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।

वहीं दूसरी ओर कस्बे में शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक हुई झमाझम बारिश से कस्बे के कटरा बाजार की सड़कें भी जलमग्न हो आईं। एक ओर जहां लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं आवागमन और जनजीवन भी प्रभावित हुआ।