बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह इस्तीफा गठबंधन सहयोगी राष्ट्रीय जनता दल के विधायक और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव पर भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद उत्पन्न राजनीतिक संकट के मद्देनजर दिया है।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। श्री नीतिश कुमार ने अपने निवास पर जनता दल यूनाइटेड विधायक दल की बैठक के बाद इस्तीफा देने का फैसला किया। पार्टी सूत्रों ने बताया है कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव पर भूमि घोटाले में सी बी आई की एफआईआर के बाद उत्पन्न राजनीतिक संकट को देखते हुए मुख्यमंत्री ने यह कदम उठाया है।
इससे पहले, आज शाम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजभवन गये और राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी को अपना इस्तीफा सौंपा। राज्यपाल ने अगली व्यवस्था होने तक उन्हें पद पर बने रहने को कहा है।
राजभवन के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में श्री नीतीश कुमार ने कहा कि वर्तमान परिस्थिति में उन्हें अपने पद से मजबूर होकर इस्तीफा देना पड़ा है। श्री नीतीश कुमार ने कहा कि महागठबंधन सरकार चलाने का भरसक प्रयास किया गया, लेकिन मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति में सरकार चलाना असंभव हो गया था।