एक साल में भाजपा सरकार ने गढ़े असफलता के आयाम : एमएलसी

                    एक ओर भाजपा सरकार के नुमाइंदे जिला प्रशासन के साथ सांडी पक्षी महोत्सव के जरिये चिड़िया उड़ का खेल खेलकर आम आदमी को मूर्ख बनाने का काम कर रही है तो वही दूसरी ओर सांडी पक्षी विहार की झील पानी व साइबेरियन पक्षियों की बाट जोह रही है।
                  जनपद प्रवास पर पहुँचे सपा एमएलसी राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खासमखास राजपाल कश्यप ने पीडब्ल्यूडी गेस्ट में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान ये बातें कही। एमएलसी श्री कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार अपने करीब एक साल के कार्यकाल में पूरी तरह से फेल हो चुकी है और कानून व्यवस्था के मामले में तो योगी सरकार अपने हाथ खड़े कर चुकी है। उन्होंने आगे जोड़ा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर पंहुच चुकी है और भाजपा सरकार में हर आम आदमी परेशान है। उन्होंने आगे जोड़ा कि सांडी पक्षी विहार के विकास के नाम पर धन की लूट की जा रही है और जल्द ही वह सांडी पक्षी विहार के विकास तथा सौन्दर्यीकरण को लेकर सदन में सवाल भी उठाएंगे। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने आज तक किसी बड़ी जिम्मेदारी का निर्वाह नहीं किया था इसलिए उन्हें एक मुख्यमंत्री के तौर पर  प्रदेश का नेतृत्व करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रेसवार्ता में सपा जिलाध्यक्ष शराफत अली, राष्ट्रीय प्रवक्ता जीतेन्द्र वर्मा जीतू, प्रदेश सचिव संजय कश्यप, रहमत अली मोनू, लोहिया वाहिनी जिलाध्यक्ष आदर्श दीपक मिश्र, मुलायम यूथ ब्रिगेड प्रदेश सचिव मुकुल सिंह, सपा जिला सचिव अखिल चंदेल, अलंकार सिंह, धनपाल यादव, आदर्श मिश्रा, मौजूद रहे।