भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने गोवा में पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे कठिन परिश्रम करें और राज्य की दोनों लोकसभा सीटों पर पार्टी की जीत सुनिश्चित करें। कल शाम श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा एक मात्र ऐसी पार्टी है जहां सामान्य परिवेश से जुड़ा व्यक्ति सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। उन्होंने इस बारे में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उदाहरण दिया। बूथ स्तर के पार्टी प्रमुखों को संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मात्र दस सदस्यों से शुरू होकर आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है।
50 के दशक में जन्मा हुआ जनसंघ जनता पार्टी से होता हुआ भारतीय जनता पार्टी बना है। आज हम जिस जगह पर पहुंचे हैं। इसका संपूर्ण श्रेय अगर देना है। तो भारतीय जनता पार्टी के संगठन और भारतीय जनता पार्टी के संगठन के बूथ के अध्यक्ष को देना पडेगा। इस सम्मेलन में 10 हजार से ज्यादा बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्त्ता शामिल हुए। दस हजार से ज्यादा भाजपा कार्यकर्त्ता/बूथ कार्यकर्त्ता सम्मेलन में शामिल हुए जहां भाजपा उपाध्यक्ष और गोवा के प्रभारी अविनाश राय खन्ना भी उपस्थित थे। गोवा के सांसद विनय तेंदुलकर, श्रीपादनाईक और नरेन्द्र सवाईकर के साथ गोवा के सभी विधायक इस कार्यक्रम में शामिल थे। एक वीडियो संदेश में गोवा के मुख्यमंत्री ने अमित शाह का उनके मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। श्री पार्रिकर जिनका अमेरिका में इलाज चल रहा है उन्होंने कहा कि बहुत जल्द ही लौटेंगे और साथ काम करेंगे।