सिद्दारमैया की भ्रष्ट सरकार को दूसरा मौका नहीं मिलना चाहिए : अमित शाह

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि केवल भाजपा ही राज्य की प्रगति सुनिश्चित कर सकती है। कल दावणगेरे में एक रोड शो के बाद लोगों को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि सिद्दारमैया की भ्रष्ट सरकार को दूसरा मौका नहीं मिलना चाहिए। केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने कोडागू में प्रचार करते हुए कांग्रेस पर किसानों की समस्याओं को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।

इस बीच, कांग्रेस ने राज्‍य के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया को कथित रूप से बदनाम करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को कानूनी नोटिस दिया है। शिकायत में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने अपनी चुनावी रैली में विवादित महादेयी नदी के मुद्दे का उल्लेख कर आचार संहिता का उल्लंघन किया है। उधर, अपने चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि बेल्लारी के रेड्डी बंधुओं ने प्राकृतिक संसाधनों को लूटा है और 35 हजार करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया है। आज कोलार में प्रचार करते हुए उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि उसने राज्य के किसानों के लिए एक रुपया भी नहीं दिया।