जिलाधिकारी ने किया कंबल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

  • व्यापार मंडल व समाजसेवियों के सहयोग से जरूरतमंदों को बांटे गए कंबल

कछौना (हरदोई)। कस्बा कछौना स्थित नहर कोठी पर व्यापार मंडल कछौना के तत्वाधान में व्यापारियों और समाज सेवियों के सहयोग से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी पुलकित खरे के कर कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रचंड ठंड से बचाव के लिए चिन्हित जरूरतमंदों को 500 कंबल वितरित किए।

गुरुवार को व्यापार मंडल कछौना की सराहनीय पहल के तहत आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने जरूरतमंदों को कंबल बांटे। उन्होंने व्यापार मंडल की इस पहल को सराहनीय और नेक बताते हुए अन्य सामाजिक संगठनों से भी इस पुण्य कार्य के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि हालांकि सरकार द्वारा ठंड से बचाव हेतु तहसीलो पर कंबल व अलाव की व्यवस्था की गई है, लेकिन जब अन्य संस्थाएं भी ऐसे कार्यों से जुड़ जाती हैं तो ज्यादा संख्या में जरूरतमंदों को लाभ पहुंचाया जा सकता है। वहीं अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कुंवर ज्ञानन्जय सिंह ने कहा कि समाज के उत्थान एवं जरूरतमंदो के लिए किया जाने वाला कंबल वितरण का यह कार्य निसंदेह सराहनीय है। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने व्यापार मंडल की इस मुहिम की प्रशंसा करते हुए कहा कि जरूरतमंदों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। व्यापार मंडल कछौना के अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल द्वारा आयोजित इस कंबल वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य है कि समाज के उन जरूरतमंदो को जिनके पास ठंड से बचाव के लिए कंबल या ऊनी वस्त्र नही है उन सभी को इसका लाभ मिल सके। कार्यक्रम के दौरान कस्बे व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के 500 चिन्हित महिला, पुरुष, बुजुर्ग व असहाय जरूरतमंदों को अतिथियों व गणमान्य नागरिकों के द्वारा कंबल वितरित किए गए। हाड़ कंपा देने वाली इस ठंड में कंबल पाकर जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस पुनीत कार्य के लिए व्यापार मंडल की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष सत्यम गुप्ता व क्रांतिवीर सिंह के द्वारा किया गया।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विमलेश दीक्षित, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी अनुज अवस्थी, यूजे इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक जगदीश गुप्ता, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि विकास विश्वकर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रायसिंह, रामखेलावन गुप्ता, रजनीश सिंह, डॉक्टर अनिल गुप्ता, वारिस मियां, व्यापार मंडल अध्यक्ष गौरव गुप्ता सहित व्यापार मंडल के सभी पदाधिकारी व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

व्यापार मंडल की युवा मोर्चा कार्यकारिणी का हुआ गठन

व्यापार मंडल द्वारा आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष विमलेश दीक्षित द्वारा व्यापार मंडल कछौना युवा मोर्चा की कार्यकारिणी का गठन करते हुए युवा रवि गुप्ता को अध्यक्ष, पत्रकार नंद किशोर शर्मा को उपाध्यक्ष, शांतनु गुप्ता को महामंत्री एवं अनुज गुप्ता को कोषाध्यक्ष नियुक्त करते हुए मनोनयन पत्र सौंपा गया।