भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा की दस सीटों के लिए कराए गए उपचुनाव में पांच सीटों पर जीत दर्ज की है, वहीं कांग्रेस को तीन सीटे मिली हैं जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा और तृणमूल कांग्रेस के खाते में एक-एक सीटें आयीं हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उपचुनाव में विकास की राजनीति और सुशासन के मुद्दे पर लोगों के लगातार समर्थन के लिए लोगों का आभार व्यक्त किया है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों में हुए उपचुनाव में भाजपा और एन डी ए की प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
दिल्ली की राजौरी गार्डन विधानसभा सीट सत्तारूढ़ आप के हाथ से निकल गई है और इसे भारतीय जनता पार्टी तथा शिरोमणि अकाली दल गठबंधन ने जीत लिया है। गठबंधन के उम्मीदवार मनजिन्दर सिंह सिरसा ने कांग्रेस की मीनाक्षी चंदेला को 14 हजार से भी ज्यादा वोटों से हराया। आम आदमी पार्टी उम्मीदवार हरजीत सिंह की जमानत जब्त हो गई। इस जीत के साथ 70 सदस्यों वाली दिल्ली विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों की संख्या चार हो गई है। मध्य प्रदेश की अटेर विधानसभा सीट कांग्रेस के हेमंत कटारे ने जीत ली है। उन्होंने भाजपा के अरविन्द सिंह भदौरिया को हराया। वहीं बांधवगढ़ सीट भाजपा ने जीत ली है। राजस्थान में धौलपुर विधानसभा सीट भाजपा उम्मीदवार शोभा रानी कुशवाहा ने कांग्रेस के बनवारी लाल शर्मा को हराकर जीत ली है। हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने हमीरपुर जिले की भोरंज विधानसभा सीट जीत ली है। भाजपा उम्मीदवार अनिल धीमान ने कांग्रेस की प्रमिला देवी को हराया है। असम में धेमाजी सीट भी भाजपा के खाते में गई है। भाजपा उम्मीदवार रानोज पेगु ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के बाबूल सोनोवाल को हराया। कर्नाटक में कांग्रेस ने गुंडलुपेट और नंजनगुड विधानसभा सीटों पर अपना कब्जा बरकरार रखा है। गुंडलुपेट में कांग्रेस उम्मीदवार गीता माधव प्रसाद ने भाजपा उम्मीदवार सी एस निरंजन कुमार को और नंजनगुड में कांग्रेस के कलाले एन केशवमूर्ति ने भाजपा के श्रीनिवास प्रसाद को हराया। पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने कांठी दक्षिण विधानसभा सीट जीत ली है। टीएमसी उम्मीदवार चंद्रमा भट्टाचार्य ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के सुरेन्द्र मोहन जाना को 44 हजार से अधिक वोटों से हराया। पहली बार भाजपा पश्चिम बंगाल में दूसरे बडे दल के रूप में उभरी है। झारखंड में लिट्टीपारा विधानसभा सीट झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के खाते में गई है। झारखण्ड मुक्ति मोर्चा उम्मीदवार साइमन मरांडी ने भाजपा के हेमलाल मुरमु को हराया।