बेनीगंज में महिला की मौत पर मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका 

हरदोई – बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चठिया में एक विवाहिता का शव फंदे पर लटकता मिला। विवाहिता के भाई ने पति पर मारपीट कर हत्या करने की आशंका जताई है। वहीं लोनार थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर जटौली में एक युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की।

         ग्राम चठिया निवासी अनीता (25) पत्नी भयनू की आठ वर्ष पूर्व शादी हुई थी। अनीता के जेठ शिवमूर्ति ने बताया कि उनकी दो बेटियां हैं। बुधवार को किसी बात को लेकर भयनू और अनीता के बीच विवाद हुआ था। जिसके बाद वह लोग मेला देखने चले गए और अनीता घर पर अकेली थीं। देर शाम जब मेला देखकर घर वापस आए तो अनीता का शव कमरे में साड़ी से लटक रहा था। अनीता के भाई सुशील निवासी गंगापुर संदना जनपद सीतापुर ने बताया कि भयनू शराब का आदी है और उसके गांव की ही एक महिला से अवैध संबंध हैं। जब उनकी बहन इसका विरोध करती थी तो भयनू उसे मारपीटा था। उन्होंने आरोप लगाया है कि इसी कारण भयनू ने मारपीट कर शव को फंदे पर लटका दिया।
            लोनार थाना इलाके में बुधवार की शाम को गांव के बाहर एक छप्पर के नीचे युवक का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा।लोनार थाना के रामपुर जटौली निवासी मलिखे तीन भाइयों में बड़ा था।परिजनों के मुताबिक अभी उसकी शादी नहीं हुई थी। वहीं मलखे की मौत को लेकर परिजन भी चुप्पी साधे हैं।वही गांव में युवक की मौत को लेकर लोगों में तरह-तरह की अटकलें लग रही हैं।लेकिन पुलिस आत्महत्या करने की बात कह रही है।आत्महत्या क्यों की है इस बात की पुलिस जांच करने में जुटी है।