शिक्षा केवल हमें नौकरी नहीं प्रदान करती है बल्कि एक बेहतर नागरिक बनाती है : से०नि० आई०ए०एस० चन्द्रप्रकाश

कछौना (हरदोई) : कस्बे के जनता इंटर कॉलेज कछौना में सेवानिवृत्त आईएएस चंद्रप्रकाश का छात्रों ने जोरदार स्वागत किया। चंद्रप्रकाश ने मां सरस्वती की प्रतिमा को माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया।

चंद्रप्रकाश जी ने छात्रों को सम्बोधित करते हुए शिक्षा के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल हमें नौकरी नहीं प्रदान करती है बल्कि एक बेहतर नागरिक बनाती है। जिससे हम राष्ट्र निर्माण में योगदान करते हैं। आधी आबादी महिलाओं की है और इनकी बराबर भागीदारी से देश मजबूत बनेगा। महिलाएं आज हर क्षेत्र में आगे आकर बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने पर्यावरण की रक्षा के लिए छात्रों को संकल्प दिलाया और कहा कि पेड़-पौधों को लगाने के साथ रक्षित करना है। अंधाधुंध कटान से पर्यावरण असंतुलित हो गया है जिससे दैवीय आपदाओं का कोपभाजन होना पड़ता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर पर्यावरण की रक्षा होनी चाहिए।

छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अपने बीच सेवानिवृत्त आईएएस चंद्रप्रकाश को पाकर छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित थे। इस अवसर पर प्रबंधक मनीष सिंघल, प्रधानाचार्य महेंद्र राम, डॉक्टर सरताज खान, अनिल कुमार, धर्मेंद्र कुमार, अखिल कुमार सहित शिक्षक गण मौजूद रहे।