असम में बाढ़ और भूस्‍खलन की घटनाओं में आज चार लोगों की मौत

असम में बाढ़ और भूस्‍खलन की घटनाओं में आज चार लोगों की मौत हो गई। राज्‍य के सात जिलों में बाढ़ से चार लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित बराक घाटी में राहत और बचाव कार्य जारी है एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने घाटी के तीनों जिलों कछार, करीमगंज ओर हेलाखंडी में 300 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया है। पूरे प्रदेश में एक लाख से अधिक लोग राहत शिविरों में शरण लिये हुए हैं। असम के जल संसाधन मंत्री केशब महंता कल कछार जिले में प्रभावित क्षेत्र का दौरा करके स्थिति का जायजा लेंगे।

वहीं मणिपुर में बाढ़ की स्थिति में आज आंशिक सुधार हुआ है। राज्‍य के डेढ़ सौ गांवों के हजारों परिवार बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। राहत उपायों के लिए जिलों के उपायुक्‍तों को तीन करोड़ बीस लाख रूपये की राशि जारी गयी है। प्रभावितों की मदद के लिए मणिपुर के पांच जिलों में एक सौ से अधिक राहत शिविर भी स्‍थापित किये गए हैं।