भारत तिब्बत सीमा पुलिस-बल आई टी बी पी और चीन के सीमावर्ती पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों से केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत-चीन सीमा पर उल्लंघन की चीन की किसी भी गतिविधि पर अत्यधिक सतर्कता बरतें। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों की बैठक में श्री सिंह ने कहा कि तीन हजार 488 किलोमीटर लम्बी भारत-चीन के सीमावर्ती इलाकों में विकास गतिविधियां तेज करनी होगी, ताकि लोगों का पलायन रुक सके।
एक प्रैस कांफ्रेस के दौरान गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने बताया सीमावर्ती क्षेत्र विकास कार्यक्रम के लिए केन्द्रीय सहायता राशि को चालू वित्त वर्ष में 909 करोड़ से बढ़ाकर 1100 करोड़ कर दिया गया है। उन्होंने आईटीबीपी के काम की भी प्रशंसा की और कहा कि केन्द्र उनके सुचारू रूप से काम करने में हर संभव प्रयास कर रहा है। गृहमंत्री ने सीमावर्ती राज्यों में मंत्रालय द्वारा कार्यान्वित विभिन्न विकास परियोजनाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने भविष्य की कुछ परियोजनाओं और प्रस्तावों को भी साझा किया।