भाजपा सरकार ने किसानों व मजदूरों को छलने का किया कार्य- सुशीला पासी

  • अनोखे अंदाज में क्षेत्रवासियों से मांगे वोट

कछौना (हरदोई) : निर्दलीय प्रत्याशी सुशीला पासी ने बैलगाड़ी पर अनोखे अंदाज में वोट मांगे। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में आम आदमी महंगाई से परेशान है। भाजपा सरकार ने किसानों व मजदूरों को छलने का काम किया है। आमजनमानस की रीढ़ टूट गई है। इसलिए हम आप लोगों से बैलगाड़ी से वोट मांग रहे हैं। ग्रामीण किसान छुट्टा गौवंशों से परेशान हैं। रात-रात भर अपनी फसल को बचाने के लिए रतजगा करने को विवश हैं। सरकार ने गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के लिए अस्थाई गौशाला बनवा रखे हैं जो सही प्रबंधन न होने की वजह से कब्रगाह बने हुए हैं। धीरे-धीरे यह गोवंश नस्ल खत्म हो जाएगी। आये दिन किसान छुट्टा गौवंशों के कारण दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। वर्तमान सरकार में शिक्षा व स्वास्थ्य का बुरा हाल है। सरकारी अस्पताल में डॉक्टर नियमित रूप से मिलते नहीं हैं। वह केवल रिफर सेंटर बनें हैं। महामारी के समय आम जनमानस स्वास्थ्य सेवाओं से त्राहि-त्राहि करने लगी थी।

इस जनसंपर्क के दौरान जन नेता पी.पी. वर्मा, जिला पंचायत सदस्य कुमारी रजनी पासी, राम खेलावन चौरसिया, बाला किशोर, पंकज वर्मा, नंदलाल, हंसराज सहित सैकड़ों महिलाएं, पुरुष एवं युवा शामिल रहे।

रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता