भारत ‘एशिया कप हॉकी चैम्पियन’ बना

आज (२२ अक्तूबर, २०१७ ई०) ढाका (बांग्लादेश) में आयोजित ‘हीरो एशिया कप हॉकी’ प्रतियोगिता के फाइनल में भारत ने मलेशिया को २-१ से पराजित कर, ‘एशिया कप हॉकी २०१७ की चैम्पियनशिप’ जीत कर स्वर्णपदक प्राप्त किया है।
उल्लेखनीय है कि इस टूर्नामेंट के ‘लीग्’ और ‘सुपर फोर’ में भारत अपराजेय रहते हुए, अन्तत:, सर्वजेता रहा, जबकि मलेशिया को रजत तथा कोरिया को पाकिस्तान ने पराजित कर, काँस्यपदक प्राप्त किया। दूसरी ओर, विश्व के चतुर्थ वरीयता-प्राप्त देश मलेशिया पहली बार ‘एशिया कप हॉकी’ प्रतियोगिता के फाइनल में पहुँचा था। भारत ने तीसरी बार ‘एशिया कप हॉकी’ चैम्पियनशिप जीती है। चतुर्थ चक्र में पाँच मिनट तक भारत २-० से आगे रहा। भारत की रक्षात्मक नीति में शिथिलता पाते ही मलेशिया ने एक गोल कर दिया। ऐसा इसलिए कि भारतीय खिलाड़ी अपनी आक्रामक और सुरक्षा-नीतियों में सामंजस्य नहीं बना रहे थे। वहीं मलेशियाई खिलाड़ी अपनी रणनीति को आरम्भ से अन्त तक बनाये रहे। दोनों दलों को गोल करने के अनेक अच्छे अवसर मिले थे, जो असफल रहे।
ज्ञातव्य है कि इस टूर्नामेण्ट में भारतीय खिलाड़ियों ने ही सर्वाधिक गोल किये हैं। भारतीय दल में अधिकतर जुनियर खिलाड़ी खेल रहे थे, जिन्हें प्रोन्नत कर, भारतीय दल में सम्मिलित किया गया है।
‘प्लेयर ऑव़ द टूर्नामेण्ट’ का पुरस्कार मलेशिया के फ़ैजल को मिला। टूर्नामेण्ट में सर्वाधिक ७ गोल करनेवाले मलेशिया और भारत के खिलाड़ी फ़ैजल और हरमनप्रीत को ‘गोल ऑव़ द टूर्नामेण्ट’ का पुरस्कार दिया गया। ‘बेस्ट गोलकीपर ऑव़ द टूर्नामेण्ट’ का पुरस्कार भारत के गोलकीपर आकाश चिकटे को दिया गया।