रूस के राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन ने जोर देकर कहा है कि रूस के पाकिस्तान और अन्य देशों के साथ बढ़ते संबंधों के बावजूद भारत के साथ भरोसेमंद संबंधों में कोई कमी नहीं होगी। भारत को निकटतम मित्रों में से एक मित्र की संज्ञा देते हुए पुतिन ने कहा कि भारत के सिवाय विश्व में कोई ऐसा दूसरा देश नहीं है, जिसके साथ मिसाइल जैसे नाजुक क्षेत्रों में रूस के प्रगाढ़ संबंध हैं। सहयोग के इस संबंध से रूस को बहुत फायदा पहुंचा है।
श्री पुतिन ने कहा कि जहां कहीं से आतंकवाद का खतरा है, उसे स्वीकार नहीं किया जा सकता और इसके खिलाफ लड़ाई में वह हमेशा भारत को समर्थन देता रहेगा। पाकिस्तान के साथ किसी मजबूत सैन्य संबंधों से इन्कार करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ रूस के संबंधों से भारत और रूस के बीच व्यापार पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि दोनों ही देश आपसी हितों के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हुए हैं।