गंगा घाटों पर कार्तिक गंगा स्नान मेले में उमड़ा भक्ति का सैलाब

          बिलग्राम/मल्लावां- कार्तिक गंगा स्नान मेले मेें भक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। मल्लावां के बेरिया घाट बिलग्राम के राजघाट आदि गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
            मुख्य गंगा स्नान सुबह सुबह हुआ और श्रद्धालु गंगा स्नान कर भगवान को जल अर्पण कर दीप प्रज्वलित कर पूजा अर्चना करने में लगे रहे।वही यहां मीना बाजार में खरीदारी कर विभिन्न व्यंजनों का आनंद भी  उठाया।इससे पूर्व शाम को श्रद्धालुओं ने अपने पूर्वजों की शांति के लिए दीपदान किए। उधर, प्रशासन की ओर मेले में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध भी किए गए थे।
         कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा किनारे भक्ति की अविरल धारा स्वत: ही बढ़ती चली गयी। श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे भजनों, उपदेश और कथाओं को सुनकर आत्मिक शांति को हृदय से महसूस कर पुण्य कमाया। पूर्णिमा के मौके पर गंगा घाट पर श्रद्धालुओं ने स्नान कर भगवान सूर्य को जल अर्पण कर भगवान शिव की दीपों से विशेष पूजा अर्चना की। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मीना बाजार में साज-सज्जा, खेल खिलौने आदि की खरीदारी की। इसके अलावा मेले में आए लोगों ने चाट पकौड़ी, मिठाई आदि व्यंजनों का स्वाद चखकर आनंद उठाया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शासन प्रशासन के सामने यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की बड़ी चुनौती खड़ी कर दी । जिससे लगातार बार बार जाम की स्थिति से श्रद्धालुओं को दो चार होना पड़ा। वहीं गंगा घाट पर पुरोहित ने मंत्रों पाठ के अनुष्ठान की पूर्णाहुति कराई। श्रद्धालुओं ने दान-दक्षिणा देकर पूर्वजों की स्मृति को याद किया।