जानिए गोवा राज्य में बहने वाली सबसे लम्बी नदी जुवारी के बारे में

जुवारी नदी – 


जुवारी नदी भारत के गोवा राज्य में बहने वाली सबसे लम्बी नदी है। यह एक ज्वारीय नदी है। इस नदी का उद्गम पश्चिमी घाट में स्थित हेमद-बार्शम में है। जुवारी नदी को आन्तरिक क्षेत्रों में अघनाशिनी नाम से भी जाना जाता है। यह नदी दक्षिण-पश्चिम दिशा में बहती है और इन तालुकों से होकर गुजरती है: तिसवाड़ी, पौण्डा, सालसेटी, संग्यूम और क्यूपम।
जुवारी नदी 92 किमी लम्बी है, लेकिन यह अन्य नदियों और नहरों से जुड़ी हुई है जैसे माण्डवी नदी (लम्बाई 62 किमी) और कम्बर्जुआ नहर (लम्बाई 15 किमी)।[2] गोवा में बहने वाली अन्य नदियाँ कम लम्बाई की हैं जैसे तेरेखोल (22 किमी), चापोरा (29 किमी), बागा (5 किमी), साल (16 किमी), तलपोना (11 किमी), और गाल्जीबग (4 किमी)। इन नदियों की लम्बाई और चौड़ाई ज्वार भाटे और मौसमी बाढ़ के साथ-साथ बदलते रहते हैं।
जुवारी और माण्डावी नदियाँ आपस में मिलकर एक मुहाना बनाती हैं। ये नदिया गोवा के कृषि क्षेत्र का प्रमुख कारक हैं। इन दोनों नदियों को जोड़ने वाली कम्बर्जुआ नहर के कारण राज्य के आन्तरिक स्थानों में स्थित लौह अयस्क की खादानों तक जलपोतों का नौचालन सम्भव हो सका है। इन दोनों नदियों का जल काबो अगुआडा स्थान पर अरब सागर में गिरता है, जहाँ इन नदियों के मिलन से मोर्मुगाओ बन्दरगाह आकार लेता है। बन्दरगाह नगर वास्को द गामा जुवारी नदी कें नदीमुख पर स्थित है।