मणिपुर में भारतीय जनता पार्टी विधायक दल के नेता एन. बिरेन सिंह ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली। आठ विधायकों ने भी मंत्रिमंडल के मंत्रियों के रूप में शपथ ली। इनमें नेशनल पीपुल्स पार्टी के चार, भारतीय जनता पार्टी, लोक जनशक्ति पार्टी, नगा पीपुल्स फ्रंट और कांग्रेस से अलग हुए एक-एक सदस्य भी शामिल हैं। राज्यपाल नज़मा हेपतुल्ला ने इंफाल में राजभवन में इन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। मणिपुर के पूर्व पुलिस महानिदेशक वाई ज्वायकुमार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद श्री बिरेन ने नई सरकार बनाने के लिए बहुमूल्य जनादेश देने के लिए राज्य की जनता का आभार व्यक्त किया। शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित पूर्व मुख्यमंत्री ओकराम ईबोबी सिंह ने कहा कि उनकी पार्टी विपक्ष में बैठकर विधानसभा में रचनात्मक भूमिका का निर्वाह करेगी। इस अवसर पर केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव समन्वय राम माधव भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री श्री बिरेन सिंह राष्ट्रीय खिलाड़ी रह चुके हैं और सीमा सुरक्षा बल के लिए खेलते थे। उन्होंने कुछ समय स्थानीय समाचार पत्र नाहरोलगी थाउडांग का संपादन भी किया।