ब्लॉक संसाधन केंद्र के सभागार में नारी-शक्ति सम्मान समारोह का किया गया आयोजन

कछौना (हरदोई): मिशन शक्ति के अंतर्गत शासन के निर्देश अनुसार नगर पंचायत कछौना पतसेनी में ब्लॉक संसाधन केंद्र के सभागार में नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को अधिशासी अधिकारी रेणुका यादव ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। समाज में अपना बेहतर प्रदर्शन करने वाली महिलाओं के योगदान पर डाक्यूमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। महिलाओं को मुख्यधारा में जोड़ने के लिए सरकार द्वारा महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही है।

अधिशासी अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा और सम्मान हर नारी की पहचान है। महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में विस्तृत रूप से बताया गया। वर्तमान समय में महिलाएं चहारदीवारी से निकलकर सराहनीय कार्य कर रही है। एडवोकेट राधा आर्या ने बताया कि महिलाओं के शिक्षित होने पर परिवार व राष्ट्र मजबूत बनता है। महिलाएं अपने साथ होने वाले अन्याय को सहन न करें। खुलकर परिवार जनों को बताएं। सहायता के लिए टोल फ्री नंबर पर कॉल करें। सरकार द्वारा एंटी रोमियो स्क्वायड की टीम का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, सखी सेंटर, महिला समूह, सौभाग्य योजना, उज्ज्वला योजना से महिलाओं को सशक्त किया गया। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिलने में उनमें एक नई ऊर्जा का संचार हो रहा है। पी०एम० स्वनिधि योजना में शतप्रतिशत योगदान में शाखा प्रबंधक भारतीय स्टेट बैंक अंजली गुप्ता व पंजाब नेशनल बैंक की शाखा प्रबंधक शिखा सिंह, पति की मृत्यु पर व्यवस्था संभालने वाली महिला सारिका गुप्ता उर्फ गोल्डी, वकालत के क्षेत्र में अधिवक्ता राधा आर्या, आंगनबाड़ी कार्यकत्री बीनू प्रजापति के उत्कृष्ट कार्य के लिए सशक्त पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर सभी के मनोबल में इजाफा हुआ। सरकार द्वारा महिलाओं के लिए उठाए गए कदमों की सभी ने सराहना की। सभी को मेहनत से एक नया आयाम मिल रहा है। सभी ने अपने अपने अनुभव साझा किए। महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इन आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को जागरुक एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं के प्रति लोगों की सोच में बदलाव देखने को मिल रहा है।

इस अवसर पर नगर अध्यक्ष महिला की उपस्थिति न होने पर महिलाओं ने दबी जुबान से शिकायत की, नगर वासियों ने महिला अध्यक्ष को बढ़-चढ़कर अपने अध्यक्ष के रूप में चुना है। परंतु नगर अध्यक्ष अपने पद व गरिमा का महत्व नहीं समझ रही है। इसीलिए वह आमजनमानस के साथ ऐसे आयोजनों से दूरी बनाए रखती हैं। जिससे उनके इस कृत्य पर प्रश्नचिन्ह उठता है। साथ में महिला सभासदों की दूरी भी चर्चा का विषय बनी रहीं। कार्यक्रम में लिपिक जे०बी० सिंह, राम जी, संतोष, गौरव, लल्लन, रामनरेश, अनुज, रामकिशोर आदि कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता