स्पेन के २० वर्षीय कार्लोस अलकारेज़ विम्बलडन के नये बादशाह बने

◆ आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

स्पेन के २० वर्षीय कार्लोस अलकारेज़ ने विम्बलडन के पुरुष-एकल के अन्तिम चक्र मे दिग्गज खेलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच को पराजित कर, अपनी पहली विम्बलडन-चैम्पियनशिप जीत ली है। १६ जुलाई को लन्दन (ग्रेट ब्रिटेन) मे खेले गये पुरुष-एकल के अन्तिम चक्र मे विश्ववरीयताक्रम मे प्रथम स्थान पर रहनेवाले स्पेन के २० वर्षीय खेलाड़ी कार्लोस अलकारेज़ ने द्वितीय वरीयताक्रम के सर्बिया के ३६ वर्षीय खेलाड़ी नोवाक जोकोविच को १-६, ७-६, ६-१, ३-६ तथा ६-४ से पराजित कर दिया था। इसके साथ ही उन्होंने जोकोविच को कीर्तिमान की समानता करनेवाले आठवें और लगातार पाँचवीं बार विम्बलडन-चैम्पियनशिप जीतने से वंचित रख दिया था। इसके साथ ही जोकोविच को २४वाँ ग्रैण्ड स्लैम जीतकर सेरेना विलियम्स से आगे निकलने के लिए प्रतीक्षा करनी होगी। यह मुक़ाबला दोनो खेलाड़ियों के बीच ४ घण्टे ४२ मिनट तक चला था। ज्ञातव्य है कि उपविजेता नोवाक जोकोविच ने नाम २३ ग्रैण्ड स्लेम जीतने की उपलब्धि है। दूसरी ओर, स्पेन अलकारेज़ विम्बलडन-चैम्पियनशिप जीतनेवाले तीसरे सबसे कम अवस्था के खेलाड़ी बन गये हैं। जोकोविच और अलकारेज़ के मध्य अवस्था का अन्तर वर्ष १९७४ के बाद से किसी भी ग्रैण्ड स्लैम फ़ाइनल मे सर्वाधिक है।

उल्लेखनीय है कि अल्कारेज़ का यह दूसरा ‘ग्रैण्ड स्लेम’ है। इससे पूर्व अलकारेज़ ने वर्ष २०२२ मे नार्वे के कैस्पर रूड को पराजित कर, अमेरिकी ओपेन उपाधि जीती थी।

(सर्वाधिकार सुरक्षित― आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; १७ जुलाई, २०२३ ईसवी।)