
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 11 बच्चों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार प्रदान किए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल पुरस्कार विजेताओं से संवाद करेंगे।
- महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर कृतज्ञ राष्ट्र आज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। सन् 1897 में आज ही के दिन ओडिसा के कटक में नेताजी का जन्म हुआ था। उनकी जयंती हर वर्ष पराक्रम दिवस के रूप में मनाई जाती है।
- नेताजी सुभाषचन्द्र बोस की 126वी जयन्ती के उपलक्ष्य मे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने परमवीर चक्र से सम्मानित शूरवीरों के नाम पर अंडमान-निकोबार के 21 द्वीपों का नामकरण किया।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल शाम चार बजे अपने आवास पर प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार विजेताओं से संवाद करेंगे। बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी भी कल पुरस्कृत बच्चों के साथ संवाद करेंगी।
- भारतीय सेना गणतंत्र दिवस की परेड के अवसर पर आत्मनिर्भर भारत के तहत देश में निर्मित अर्जुन टैंक, नाग मिसाइल, के-9 वज्र, आकाश प्रक्षेपास्त्र का प्रदर्शन करेगी।
- कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के सर्जिकल स्ट्राइक के सम्बन्ध में दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आज विपक्षी दल की कडी आलोचना की। कांग्रेस नेता ने कहा था कि सरकार ने पाकिस्तान के साथ लगने वाली नियंत्रण रेखा- एलओसी पर भारत द्वारा 2016 में की गयी सर्जिकल स्ट्राइक का कोई सबूत नहीं दिया है। इसके जबाव में आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि श्री सिंह का बयान देश की जनता और सेना का अपमान करने वाला है। उन्होंने कहा कि भारत के सुरक्षा बलों के खिलाफ कोई बोले तो देश बर्दाश्त नहीं करेगा। भाजपा नेता ने यह आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का उद्देश्य भारत में मोहब्बत और अमन चैन फैलाने के बजाय देश को तोड़ने का है।
- केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मध्य प्रदेश में छह हजार आठ सौ करोड़ रुपये की लागत की 18 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री गडकरी ने कहा कि स्थानीय लोगों की बेतवा में पुल निर्माण की दो दशक पुरानी मांग पूरी हो गई है। उन्होंने यह भी कहा कि दो-लेन वाले पुल तथा फुटपाथ के निर्माण से ओरछा, झांसी और टीकमगढ़ के बीच सम्पर्क बेहतर होगा।
- केन्द्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उद्योगों से सतत और हरित कारोबारी तौर-तरीके अपनाने को कहा है। गांधी नगर के महात्मा मंदिर में आयोजित पहले बी-20 सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को वे सम्बोधित कर रहे थे। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और जी-20 के लिए भारत के शेरपा अमिताभ कांत समेत अनेक गणमान्यों ने उद्घाटन सत्र में भाग लिया।
- ऑस्ट्रेलिया ओपन टेनिस में सानिया मिर्जा और रोहन बोपन्ना की जोड़ी मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टरफाइनल में पहुंची।
- ओडिशा में हॉकी विश्वकप में आज के दूसरे क्रॉस ओवर मैच में अर्जेंटीना को कोरिया ने शूटऑउट मे हरा दिया है। इससे पहले, आज खेले गए पहले क्रॉस ओवर मैच में जर्मनी ने फ्रांस को पांच के मुकाबले एक गोल से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
- और क्रिकेट में भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा और अंतिम एकदिवसीय क्रिकेट मैच कल इंदौर में खेला जायेगा।