
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विद्यार्थियों को गैजेट्स के विवेकपूर्ण इस्तेमाल और शिक्षकों को छात्रों में जिज्ञासा को प्रोत्साहन देने की सलाह दी।
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज संसद भवन परिसर में एक कार्यक्रम में पद्म पुरस्कार विजेताओं के साथ बातचीत की। कार्यक्रम का उद्देश्य इन विजेताओं के सर्वोत्तम कार्यों से संसद सदस्यों को अवगत कराना है जिससे इन कार्यों को निर्वाचन क्षेत्रों के विकास कार्यों के लिए अपनाया जा सके।
- रिजर्व बैंक के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कहा है कि प्रतिकूल और अनिश्चित अंतरराष्ट्रीय माहौल के बावजूद, भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है।
- आज दुबई में एक आर्थिक सम्मेलन में उन्होंने कहा कि भारत की वित्तीय प्रणाली मजबूत और स्थिर बनी हुई है और बैंकों द्वारा दिये जाने वाले कर्ज में वृद्धि दोहरे अंकों में रही है।
- श्री दास ने स्वीकार किया कि मुद्रास्फीति की दर ऊंची बनी हुई है। हालांकि नवंबर और दिसंबर 2022 के दौरान इसमें कमी आई है। चालू खाता घाटे का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस पर नियंत्रण पाया जा सकता है।
- पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स पोर्टल (समुद्री) का उद्घाटन किया। यह एक वन-स्टॉप प्लेटफॉर्म है जिसका उद्देश्य सूचना प्रौद्योगिकी का उपयोग कर लॉजिस्टिक्स से जुडे लोगों को जोड़ना है। यह पोर्टल लागत कम करके दक्षता और पारदर्शिता में सुधार करेगा और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र के विकास को बढ़ावा देगा।
- भारत ने प्रति वर्ष 12 चीते लाने के लिए दक्षिण अफ्रीका के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। चीतों का पहला समूह अगले महीने लाया जाएगा।
- केन्द्रीय पशुपालन और डेयरी मंत्री परुषोत्तम रूपाला ने आज नई दिल्ली में देश भर के विभिन्न घुमंतु पशुपालक समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने हाल ही में इस समुदाय के लिए नीतियों को प्राथमिकता देने के वास्ते एक विशेष प्रकोष्ठ का गठन किया है।
- भुबनेश्वर में हॉकी विश्वकप में जर्मनी ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
- भारत की अंडर-19 महिला क्रिकेट टीम दक्षिण अफ्रीका में अंडर-19 ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्वकप के फाइनल में पंहुच गयी है। सेमीफाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को आठ विकेट से पराजित किया। फाइनल में भारत का मुकाबला इंग्लैंड से होगा। इंग्लैंड ने रोमांचक सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को तीन रन से हराया।
- न्यूजीलैंड ने पहले टी-ट्वेंटी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैच में जीत के लिए भारत को 177 रन का लक्ष्य दिया, लेकिन भारत 20 ओवर मे 9 विकेट के नुकसान पर 155 रन ही बना पाया और उसे 21 रन से पराजय का मुह देखना पड़ा।