
● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
चीन देश के प्राचीन नगर और सांस्कृतिक केन्द्र ‘हांगझू’ (Hangzhou) मे आज (२३ सितम्बर, २०२३ ईसवी) चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ‘एशियाई खेलकूद– २०२३’ का उद्घाटन झांगझू के ‘ओलिम्पिक स्पोर्ट्स सेण्टर स्टेडियम’ मे भारतीय समयानुसार अपराह्ण ५.३० बजे किया था। उनके साथ कम्बोडिया के राजा नोरोडम सिहामोनी, सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद, हांगकांग के चीन के लीडर जॉन ली का-चिउ तथा रिपब्लिक ऑव़ कोरिया के प्रधानमन्त्री हान डक-सू भी समारोह मे विशिष्ट अतिथि के रूप मे उपस्थित थे। यह समारोह भारतीय समयानुसार अपराह्ण ६.३० बजे तक चलता रहा, जिसे लगभग ८० हज़ार दर्शकों ने साक्षी दिया था।
उद्घाटन-समारोह मे स्थानीय कलाकारों ने अपने रंगारंग कार्यक्रमो के माध्यम से चीन की समृद्ध परम्परा, सभ्यता एवं संस्कृति का प्रस्तुतीकरण (‘प्रस्तुतिकरण’ अशुद्ध है।) किया था। समारोह मे विद्युतीय आतिशबाज़ी की गयी थी, जो अतीव मनोरम थी और प्रदूषणरहित थी।
इस समारोह मे ४० प्रकार के खेलकूद-प्रतियोगिताओं मे ४५ देशों के खेलाड़ी शामिल हुए थे।
देखा जाये तो यह आयोजन पाँच वर्षों के पश्चात् किया जा रहा है, जबकि यह प्रति चार वर्षों पर आयोजित होता है। स्मरणीय है कि इस खेलकूद-प्रतियोगिता का आयोजन नियमत: वर्ष २०२२ मे किया जाना था; किन्तु इसे वैश्विक कोरोना-रोगप्रकोप के कारण स्थगित कर देना पड़ा था।
इस प्रतियोगिता मे भारत की ओर से ६५५ खेलाड़ियों का दल भेजा गया है, जिसमे ३३२ पुरुष और ३२३ महिला खेलाड़ी सम्मिलित हैं। उल्लेखनीय है कि सर्वाधिक महत्त्वपूर्ण खेल ‘एथलेटिक्स’ (दौड़कूद-फेंक) के लिए भारत के कुल ६८ खेलाड़ी सम्मिलित हैं। निशानेबाज़ी और नौकायन के लिए ३३-३३ खेलाड़ी रहेंगे।
मार्चपास्ट के दौरान भारत की ओर से पुरुषवर्ग का प्रतिनिधित्व हॉकी-कप्तान हरमनप्रीत सिंह और महिलावर्ग का विश्व-मुक्केबाज़-चैम्पियन लवलीना बोरगोहेन ने ध्वजावाहक-वाहिका के रूप मे किया था।
ज्ञातव्य है कि झांगझू चीन का एक ऐसा नगर है, जो दक्षिणपूर्वी फ़ुज़ियान शेंग प्रान्त के अन्तर्गत आता है। झांगझू चीन की ‘शी नदी’ के उतरी तट पर स्थित है।
(सर्वाधिकार सुरक्षित– आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; २३ सितम्बर, २०२३ ईसवी।)