
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पंचायतें ग्रामीण भारत के लोगों की आकांक्षाए पूरी करने का कारगर माध्यम हैं और वे देश के परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहीं हैं। पंचायती राज दिवस पर ट्वीट संदेशों में श्री मोदी ने देशभर में पंचायती राज संस्थाओं के जरिए लोगों की सेवा कर रहे मेहनती व्यक्तियों की सराहना की।
वहीं उत्तर प्रदेश में भी आज राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर लखनऊ में एक समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के विकास के लिए धन की कमी नहीं होगी। श्री योगी ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की है कि वे देश निर्माण में आगे आएं। लखनऊ के डॉक्टर राम मनोहर लौहिया राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आज 209 पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए पंचायतों का सशक्तीकरण बहुत जरूरी है। इस अवसर पर पंचायती राज व्यवस्था की जानकारी देने वाली ग्रामोदय संकल्प नामक पत्रिका के विमोचन के अलावा यू-ट्यूब चैनल, वेबसाइट पोर्टल तथा एक किताब का भी विमोचन किया गया।