प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विधानसभा चुनाव में समर्थन के लिए उत्तर प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया है। ट्वीट संदेशों में लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए श्री मोदी ने कहा कि लोगों का विश्वास, समर्थन और स्नेह अभिभूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह विकास और सुशासन की जीत है। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी के लोगों को भी विशेष रूप से धन्यवाद दिया। श्री मोदी ने कहा कि उत्तराखंड की जीत बहुत खास है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी वहां तत्परता और समर्पण के साथ काम करेगी। उन्होंने पंजाब में अकाली दल और भाजपा को दस साल सेवा का मौका देने और इस चुनाव में मिले समर्थन के लिए राज्य के लोगों को धन्यवाद दिया। श्री मोदी ने पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, पार्टी पदाधिकारियों और प्रदेश इकाइयों को पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में उनके अनुकरणीय कार्य पर बधाई दी। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत की सराहना की, जिन्होंने अथक परिश्रम कर लोगों का विश्वास जीता।
भारतीय जनता पार्टी ने पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों को प्रेरित और उत्साहित करने वाला बताया है। पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में जीत का श्रेय राज्यों के लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश, उत्राखंड, मणिपुर और गोवा में सरकार बनाएगी। जो नतीजे आएं हैं वो भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़े उत्साहवर्धक और आनंदित करने वाले नतीजे हैं जो एतिहासिक मेंडेट पांच राज्यों की जनता ने दिया है और देश के राजनीति को एक नई दिशा देने वाला होने वाला है। उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी को तीन-चौथाई अप्रत्याशित बहुमत मिला है। ये मैं मानता हूं कि आजादी का बाद का सबसे बडा विजय है। श्री शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब में अपनी हार स्वीकार करती है और इसके कारणों की समीक्षा करेगी। श्री शाह ने कहा कि परिणामों से साबित होता है कि लोगों ने जातिवाद,वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को खारिज कर दिया है और कार्य प्रदर्शन की राजनीति में विश्वास व्यक्त किया है।