दिल्ली में कल का प्रस्तावित जाट आंदोलन वापस ले लिया गया है। जाट नेताओं ने दिल्ली में आज हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ वार्ता के बाद आंदोलन नहीं करने का फैसला किया। बाद में श्री मनोहर लाल ने संवाददाताओं के सामने कुछ महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। जाट आंदोलन आरक्षण के दौरान सभी मृतकों के आश्रितों और अपंग हुए लोगों को स्थायी नौकरी यानी पक्की नौकरी दी जायेगी। आरक्षण आंदोलन के दौरान सभी घायलों को घोषित मुआवजा तुरंत दिलवाया जायेगा। आरक्षण के दौरान सभी आरोपित अधिकारियों के खिलाफ जांच करवाकर दोषी पाये जाने पर उनके खिलाफ सख्त करवाई जायेगी। उधर, जाट नेता यशपाल मलिक ने कहा कि उन्हें सरकार पर भरोसा है कि उनकी मांगे पूरी होंगी। हमने सरकार को विश्वास दिलाया कि जो कल का जाट दिल्ली कूच का बीस तारीख का कार्यक्रम था वो स्थगित कर दिया गया है और अब दिल्ली जाट नहीं आयेंगे।