जिले भर में धूमधाम से मनाई गई रामनवमी

            नवरात्र का अंतिम दिन और रामनवमी का पर्व शहर में धूमधाम से मनाया गया। तमाम मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में हवन, कंजका पूजन, रामायण पाठ आदि का सिलसिला चलता रहा।
           चैत्र नवरात्रों के अंतिम दिन पूरे जिले में भगवान राम का जन्मदिन रामनवमी धूम-धाम से मनाया गया सभी लोगों ने अपने निकटस्थ मंदिरों में जाकर दान-पुण्य किया। देवालयों में भारी भीड़ के चलते पुलिस ने भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।जिन लोगों ने नवरात्रा स्थापना के दिन अपने घरों में अखंड पाठ तथा रामचरितमानस कथा पाठ का आयोजन किया था उन्होंने भी आज अपने अपने घरों में देवीस्वरूपा नन्ही देवियों को बुलाकर अपने घर खाना खिलाकर उनका आवभगत की। मंदिरों में भगवान राम, हनुमान तथा देवी की प्रतिमाओं को पंचगव्य से स्नान कराकर उनका श्रृंगार कर सजाया गया।

निकाली गईं झांकियां भी

शहर में सामाजिक धार्मिक संगठन द्वारा विशाल शोभा यात्रा निकाली गई।इन झांकियों में बच्चों से लेकर बूढ़ों तक ने भाग लिया। नन्हे मुन्ने बच्चे राम, लक्ष्मण, भरत, सीता के रूप में बहुत सुहा रहे थे। इसके अलावा, युवा भी राम के भेष में घोड़ों पर सवार होकर लोगों को ध्यान आकर्षित कर रहे थे। इस शोभा यात्रा में वाल्मीकि, हनुमान, नौ देवियां, शिव आदि देवताओं की झांकियां भी निकाली गईं।


हवन कीर्तनों का भी चला दौर 

कई मंदिरों में रामनवमी के उपलक्ष्य में हवन, कीर्तन, रामायण पाठ और विशाल आरती का आयोजन भी किया गया।राम के जन्मोत्सव पर दिन में 12 बजे आरती कीर्तन किया गया और उसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। भारी संख्या में लोगों ने पूजा अर्चना की।