छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में चोलानार गांव के नजदीक माओवादियों के एक हमले में आज दोपहर सात सुरक्षाकर्मी शहीद हो गये। माओवादियों ने सुरक्षाबलों का वाहन आई ई डी विस्फोट से उड़ा दिया। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि छह जवानों की मौके पर ही मौत हो गई और एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
यह घटना चोलानार गांव के पास हुई हमले में शहीद जवान सड़क निर्माण कार्य की सुरक्षा में तैनात थे और जगरगुंडा से करनदुल की और लौट रहे थे। विस्फोट के बाद माओवादियों ने शहीद जवानों के हथियार भी लूट लिए। इनमें दो एके-47 राइफल्स, दो इंसास राइफल और दो सेल्फ लॉडिंग राइफल शामिल हैं। हमले के बाद अतिरिक्त बल को इलाके में भेजा गया है और सर्च अभियान तेज कर दिया गया है। केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट संदेश में माओवादी हमले में जवानों के मारे जाने पर शोक जताया है। मुख्यमंत्री रमन सिंह ने इस हमले को कायराना बताया है और कहा है कि इससे माओवादियों की जनविरोधी और विकास विरोधी मानसिकता दिखाई देती है।