इत्र से सपा के पापों की दुर्गंध नहीं जाने वाली : स्वतंत्र देव सिंह

सिद्धान्त सिंह :

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा इत्र से सपा के पापों की दुर्गंध नहीं जाने वाली। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कल ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में समाजवादी पार्टी इत्र लांच किया और इसी इत्र पर कटाक्ष करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी मुखिया अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनके द्वारा लांच किये गये इत्र से समाजवादी पार्टी के पापों की दुर्गंध नहीं जाने वाली है। उनकी भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, गुंडाराज अपराधी व अपराध तथा सरकारी धन की खुली लूट के संरक्षण से उत्पन्न हुई विषैली गंध मिट नहीं सकती है। इससे त्रस्त होकर ही जनता ने समाजवादी पार्टी को सत्ता से बेदखल किया था। प्रदेश की जनता अब दोबारा समाजवादी पार्टी के गुंडाराज व भ्रष्टाचार के जहरीले कॉकटेल को मौका नहीं देने वाली।

भाजपा प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे ने बताया कि श्री सिंह ने कहा कि सपा मुखिया चाहे जितना भी इत्र लगा लें अब जनता उनकी तरफ आकर्षित होने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासी अभी तक भूलें नहीं हैं कि सपा कार्यकाल में किस प्रकार गुंडे, माफियाओं का महिमामंडन होता था। मंत्रियों की गाड़ियों में माफिया घूमते थे, सरकार आतंकवादियों के मुकदमें वापस ले रही थी। अब जब माफिया और गुंडों पर योगी सरकार कार्रवाई कर रही है, आज अपराधी खुद थानों में सरेंडर कर रहे हैं तो सपा मुखिया को दर्द हो रहा है। सपाराज में सरकारी संरक्षण में हुए अवैध कब्जों पर सरकार का बुलडोजर चल रहा है तो अखिलेश यादव को दर्द हो रहा है। जबकि जनता भाजपा सरकार के फैसलों का स्वागत कर रही है। उन्होंने कहा कि असलियत यह है कि जो 24 घंटे मोहम्मद अली जिन्ना के नाम की माला जपता हो उसे प्रदेश का विकास कभी नही दिख सकता। उसे तो सिर्फ विभाजन के ही स्वप्न दिखाई देते है।