सैनिकों से ही देश सुरक्षित, उनका बलिदान नहीं भुलाया जा सकता : डॉक्टर अशोक बाजपेई

हरदोई- सामाजिक संस्था आप और हम चेतना मंच द्वारा एक माह से चलाए जा रहे शौर्य माह एवं नमन समारोह का समापन गुरुवार को अशोक चक्र से सम्मानित लेफ्टिनेंट कर्नल हर्ष उदय सिंह गौर की शहादत की 25वीं पुण्यतिथि पर बिहार रेजीमेंट सेना की टुकड़ी की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में राजसभा सांसद डॉक्टर अशोक बाजपेई उपस्थित हुए वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू तथा भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्र ‘नीरज’ मौजूद रहे। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट कर्नल आशुतोष सिंह के अग्रज का पूर्व सैनिक चंद्र उदय सिंह जी को मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों ने माला पहनाकर व शाल ओढ़ा कर सम्मानित किया। संस्था की मांग पर सांसद विधायक और भाजपा जिलाध्यक्ष ने घोषणा की कि अमर शहीद गौर की प्रतिमा की स्थापना में आने वाली तकनीकी दिक्कतों को दूर करने का प्रयास करेंगे।

                   समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डा अशोक वाजपेयी ने सैनिकों के शौर्य व पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि उन्हीं के बल पर आज देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। इसलिए आप और हम चेतना मंच समेत पूरे समाज का यह दायित्व भी बनता है कि उनके परिजनों को सम्मान दें। श्री वाजपेयी ने कहा कि अशोक चक्र से सम्मानित अमर शहीद की स्मृति में पार्क की स्थापना और उसकी मूर्ति के लिए स्थान न मिलना हरदोई वासियों के माथे पर भी कलंक था जिसे वर्तमान सरकार और उनके अधीनस्थ जिला प्रशासन ने दूर कर उनकी स्मृति में पार्क की स्थापना कर सराहनीय कार्य किया है। विधायक मानवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वह जानते हैं कि आप और हम चेतना मंच न केवल स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और जनपद के शहीदों के लिए उनके सम्मान के कार्य में लगा है साथ ही सामाजिक कुरीतियों को मिटाने और विभिन्न क्षेत्र की प्रतिभाओं को सम्मानित करने में भी पूरी तरह समर्पण भाव रखता है जिसके लिए बधाई के पात्र हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष ने सैनिकों के सम्मान को सर्वोच्च बताते हुए कहा कि पूरे समाज दायित्व है कि वह देश की सीमाओं को सुरक्षित रखने वाले सैनिकों के परिवारों की पूरी जिम्मेदारी उठा कर उन्हें भरोसा दिलाए पूरा देश उनके साथ है। सरकार सैनिक के हितों की रक्षा के लिए सजग है।
                कार्यक्रम का प्रारंभ से पूर्व सभी ने लेफ्टिनेंट कर्नल हर्ष उदय सिंह गौर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको नमन किया। संस्था के संरक्षक अरुणेश वाजपेयी ने शौर्य माह पर्व के अंतर्गत प्रतिभाओं के सम्मान और दीपावली के अवसर पर ‘एक दिया शहीद के नाम’ समेत माह भर हुए अन्य कार्यक्रमों का विवरण प्रस्तुत किया। संचालन महेश मिश्र ने किया। आभार प्रदर्शन अध्यक्ष सुनील सिंह ने किया। समारोह के दौरान व्यवस्था संभालने में कमलेश पाठक,पारूल दीक्षित,संग्राम सिंह,अंकुर चंदेल विकास पाठक की भूमिका विशेष रही। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।