यातायात के नियमों के पालन का एसपी ने पढ़ाया पाठ

पुलिस लाइन में आयोजित हुई कार्यशाला में मौजूद रहे अधिकारी व आम नागरिक

        पुलिस लाइन में यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए एसपी विपिन कुमार मिश्र की अध्यक्षता में एक कार्यशाला आयोजित हुई जिसमें यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी गयी।
      एसपी ने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाने के लिए कार्यशाला आयोजित की गई है जिसमें 30 तारीख तक पब्लिक को हेलमेट पहनने के फायदे और सीट बेल्ट लगाने के फायदे के साथ पुलिस के द्वारा विभिन्न कॉलेजों  में  विभिन्न चौराहों पर  प्रचार प्रसार करके संज्ञानित किया जाएगा जिससे  सड़क पर निकलते समय दुर्घटनाओ की स्तिथि में जानमाल की रक्षा की जा सके।एसपी ने कहाकि अभी सरकार के इस प्रयास से मृत्यु दर में पिछले साल में लगभग साढ़े चार परसेंट की कमी आई है इसको और बढ़ाने के लिए जोर दिया जा रहा है।
       एसपी ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना सभी नागरिकों का नैतिक कर्तव्य बनता है। यातायात नियमों का सही तरीके से पूरा किया जाए तो सड़क दुर्घटनाओं पर काबू पाया जा सकता है।वाहनों को यातायात नियमों के अनुसार चलाना चाहिए। दुपहिया वाहनों को हेलमेट पहनकर ही चलाए। कार व अन्य वाहनों को सीट बेल्ट लगाकर चलाए। इसके अलावा जल्दबाजी में कभी भी वाहन न चलाए। उन्होंने कहा कि यही सब सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। जनता में यातायात नियमों बारे जागरूकता लाने में आमजन मानस भी सहयोग दें। हर आदमी को सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संकल्प लेना चाहिए।
         एसपी ने कहा कि नंबरप्लेट साफ और सही लिखवाएं, कलात्मक और चमकीले धातु के नहीं होने चाहिए।रात्रि में पीछे के नंबरप्लेटों पर देर से पढ़ने भर की रोशनी  अनिवार्य है। प्राइवेट वाहनों के नंबर सफेद प्लेट पर काले से तथा व्यवसायिक वाहनों पर पीली प्लेट पर काली स्याही से लिखी होनी चाहिए। 18 वर्ष से कम की आयु में वाहन चलाना वर्जित है। वैध परमिट, ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन  बुक और बीमा के कागजात की मूल प्रति सदैव अपने पास  रखे। गाड़ियों में  निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी न बैठाए, दाएं, बाएं मुड़ने से पहले संकेत  देना न भूले। खराब वाहन को बीच सड़क में न छोड़े, सवारी गाडिय़ों पर फर्स्ट एड बाक्स रखना जरूरी है।