किशोर की संदिग्ध मौत, सौतेले भाइयों पर हत्या का आरोप

           हरदोई- पिता की मौत के बाद पूरी तरीके से अनाथ हो चुके किशोर का शव उसके घर में ही पड़ा मिला। ग्रामीणों की ओर से इसकी जानकारी किशोर के सगे बहनोई को दी गई। बहनोई ने अपनी ससुराल पहुंचकर उसके सौतेले भाइयों पर जायदाद की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया। शव पर चोंटे के निशान भी मिले हैं।
           पिहानी थाना क्षेत्र के बरखेरिया गांव निवासी दीपक तिवारी (17) पुत्र सालिकराम का शव उसके घर में पड़ा हुआ मिला। बताया गया कि उसके पिता ने दो शादियां की थी जिनमें से पहली शांती व दूसरी संगीता थी। मृतक संगीता का ही पुत्र था। उसका सगा भाई आशीष (9) है। इसके अलावा उसकी बहन रिंजो (14), सुनीता पत्नी सरोज मिश्रा निवासी अमिरता कोतवाली देहात, गुज्जा पत्नी सर्वेश पिहानी हैं। वहीं शांती के भी चार पुत्र हैं। अभी हाल ही में शांती के पुत्रों ने अपने पिता से पूरे 65 बीघा की वसीयत करा ली। वहीं सालिकराम की हाल ही मौत हो गई व संगीता की भी अपने बच्चों को छोड़कर चली गई। मृतक के जीजा सरोज ने बताया कि उसको ग्रामीणों ने बुधवार को सूचना दी कि दीपक की मौत हो गई। उसने आरोप लगाया कि दीपक की हत्या उसके ही सौतेले भाईयों ने मंगलवार की देर रात कर दी। उसकी सूचना पर इलाकाई पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद गुरूवार को उसे परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे से मृतक की बहनों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में लगी है। पुलिस के अनुसार जल्द ही आरोपी सलाखों में होंगे।