छह माह से खराब नलकूप से किसानों की सिंचाई बाधित, विभागीय कर्मचारी बने मूकदर्शक


रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता-

कछौना (हरदोई): सिंचाई विभाग की लापरवाही के चलते विकासखंड कछौना की ग्राम सभा टिकारी के ग्राम शिवपुरी का नलकूप छः माह से खराब है। किसानों ने विभागीय अधिकारियों को सूचना दी, परन्तु नलकूप सही नहीं हुआ है। जिसका खामियाजा किसानों को उठाना पड़ रहा है। परेशान किसानों ने नलकूप सही कराने के लिए पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री, प्रमुख सचिव, मंडलायुक्त, सिंचाई मंत्री, क्षेत्रीय विधायक व जिलाधिकारी को अवगत कराया।

विकासखंड कछौना की ग्राम सभा टिकारी के ग्राम शिवपुरी का नलकूप नंबर 44 लगभग छः माह से खराब है। किसानों की गेहूं, सरसों व आलू की फसल के लिए सिंचाई आवश्यक है। ग्राम में सिंचाई का कोई अन्य साधन नहीं है। किसानों ने इसकी सूचना नलकूप आपरेटर से लेकर उच्च अधिकारियों से की। परन्तु विभागीय अधिकारियों ने इसकी कोई सुध लेना मुनासिब नहीं समझा। किसानों ने चंदा करके नलकूप ऑपरेटर को सुविधा शुल्क भी दिया। किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य पर अधिकारी पलीता लगा रहे हैं। किसानों की समस्याओं पर राजनीति करने वाले राजनैतिक पार्टियां व संगठन भी मूक दर्शक हैं। वह केवल चुनाव के समय जाति, धर्म के नाम पर गुमराह करके मत हासिल कर लेते हैं।

किसानों ने टोल फ्री नंबर पर शिकायत की। वहीं किसानों के अनुसार सरकारी नलकूप पर आपरेटर नदारद रहते हैं। छः माह से नलकूप शोपीस बना है। इस संदर्भ में सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता ने बताया कि तत्काल नलकूप सही कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दे दिया है। दोषी अधिकारी/कर्मचारी पर कार्यवाही की जाएगी।