
कछौना, हरदोई। शिक्षा के ढांचे में आमूलचूल परिवर्तन का आधुनिक बुनियादी ढांचे से लेकर 21वीं सदी का भारत तैयार करने के उद्देश्य नौनिहालों के सर्वांगीण विकास के लिए कछौना के संविलियन विद्यालय जूनियर हाई स्कूल कछौना व संविलियन विद्यालय मतुआ का पीएम श्री योजना में चयन किया गया। अभिभावकों सहित नौनिहालों में खुशी की लहर है। यह विद्यालय अन्य विद्यालयों के लिए मॉडल होंगे।
पीएम श्री योजना प्रधानमंत्री स्कूल फॉर राइजिंग इंडिया की घोषणा प्रधानमंत्री ने 5 सितंबर को की थी। यह योजना केंद्र प्रायोजित योजना है। जिसमें भारत सरकार लगभग दो करोड़ की धनराशि बजट बजट खर्च कर इन स्कूलों को विकसित करेगी। इन स्कूलों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के सभी घटकों का प्रयोग किया जाएगा। इस विद्यालय में नवीनतम तकनीक, स्मार्ट कक्षाएं, खेल सहित आधुनिक बुनियादी सुविधाओं, प्रयोगशाला के उपकरण, खेल खिलौने, आधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस कर कायाकल्प किया जाएगा। बच्चों को खेल खिलौनों के माध्यम से सिखाया जाएगा, रटने की प्रवृत्ति से बचाया जाएगा, उनके अंदर विषयों की बेहतर समझ विकसित हो सके।
21वीं सदी के प्रमुख कौशल से लैस व्यक्ति तैयार किए जाएंगे। जिससे वह शिक्षा का अपने जीवन में कैसे प्रयोग कर सकें। उनके अंदर मानवीय मूल्यों का बेहतर माहौल तैयार किया जा सके। वह संविधान परक सोच व तार्किक सोच विकसित कर एक बेहतर नागरिक बन सकें, जिससे मजबूत राष्ट्र बन सके। उनके अंदर भारतीय संस्कृति, पर्यावरण के प्रति जागरूकता का इजाफा हो, सही मायने में वैश्विक नागरिक बन सकें। छात्रों को भारतीय होने पर गर्व हो सके। ग्रीन व पर्यावरण बनाने के लिए संपूर्ण विद्यालय में बिजली की सुविधा के लिए सोलर पैनल, एलइडी, हरित स्कूलों के रूप में विकसित किया जाएगा। यह विद्यालय अपने क्षेत्र में आदर्श प्रस्तुत करके सभी विद्यालयों के लिए मेंटर की भूमिका निभा सकेंगे।
खंड शिक्षा अधिकारी शशांक सिंह ने बताया हर ब्लॉक में दो विद्यालय चयनित किए गए हैं। जिसके क्रम में विकासखंड कछौना में संविलियन विद्यालय कछौना व संविलियन विद्यालय मतुआ का चयन किया गया है। इन विद्यालयों में शिक्षा एकीकृत, समग्र, लचीला, क्षेत्र अवलोकन, खिलौना व प्रयोगशाला से प्राप्त अनुभवों से सर्जित ज्ञान आधारित होगा।
रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता