अज्ञात अराजक तत्वों ने धान की कटी फसल में लगाई आग, दो किसानों की फ़सल जलकर हुई राख़

कछौना (हरदोई)। कोतवाली कछौना क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा त्यौरी मतुआ के ग्राम मतुआ में बुधवार देर रात अज्ञात अराजक तत्वों ने दो किसानों के खेतों में कटी पड़ी धान की फसल में आग लगा दी। जिसमें दोनों किसानों की लगभग 9 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। किसानों ने स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना देते हुए दोषियों पर कार्यवाही की मांग की है। राजस्व लेखपाल में भी मौके पर पहुंचकर किसानों को हुई क्षति का आकलन किया।

मतुआ निवासी किसान जयपाल द्विवेदी द्वारा कछौना पुलिस को दी गई सूचना के अनुसार ग्रामसभा स्थित उनके लगभग पांच बीघा खेत में उत्पन्न हुई धान की फसल कटी पड़ी थी। गुरुवार सुबह लगभग 6 बजे खेत पर जाकर देखा तो सारी फसल जलकर राख पड़ी थी। जिसके बाद तत्काल आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 112 पर घटना की सूचना दी। वही जयपाल द्विवेदी के खेत से कुछ दूरी पर स्थित महिला कृषक गीता द्विवेदी के लगभग चार बीघा खेत में कटी धान की फसल भी जलकर राख पड़ी थी।

सूचना मिलने पर पहुंचे खेत के बटैहर अशोक पुत्र रामस्वरूप निवासी मतुआ ने भी स्थानीय पुलिस को घटना की जानकारी दी। अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा फसल को आग लगाने से किसानों का हजारों का नुकसान हुआ है। जिसके बाद किसान बदहवास रह गए हैं और उनका बुरा हाल है। किसानों का कहना है कि फसल के रूप में उनकी सारी जमा पूंजी जलकर नष्ट हो गई है। किसानों ने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। वहीं उक्त घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल अनिल कुमार शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर किसानों को हुई क्षति का आकलन करते हुए जल्द से जल्द प्रशासन को रिपोर्ट सौंपकर किसानों को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। वही दोनों किसानों ने कोतवाली कछौना में लिखित तहरीर देते हुए पुलिस से मामले की जांचकर अज्ञात अराजक तत्वों का पता लगाते हुए दोषियों पर कार्यवाही की मांग भी की है।