भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि केन्द्र सरकार ने आंध्रप्रदेश के लिए सब कुछ किया है और आगे भी वह करती रहेगी। पार्टी सबका साथ-सबका विकास के सिद्धांत में विश्वास रखती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि केन्द्र आने वाले दिनों में आंध्रप्रदेश की सहायता जारी रखेगा, क्योंकि उसका लक्ष्य देश के प्रत्येक हिस्से का विकास करना है।
लोगों को यह नहीं समझना चाहिए कि भारतीय जनता पार्टी आंध्र प्रदेश को निशाना बना रही है। हम कभी भी किसी क्षेत्र के लोगों पर कोई भेदभाव नहीं करते हैं। चाहे तेलगू देशम पार्टी हमसे अलग हो गई हो, लेकिन आन्ध्र प्रदेश के लोगों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता बनी रहेगी। इससे पहले, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कल नई दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाली एन डी ए सरकार पर आरोप लगाया था कि उसने राज्य को विशेष दर्जा देने का वादा पूरा नहीं किया।