भारतीय जनता पार्टी ने पिछले सभी रिकार्ड तोड़ते हुए उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की है। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने 331 सीटें जीती हैं। इसकी सहयोगी अपना दल ने नौ सीटें और भारतीय समाज पार्टी ने तीन सीटें जीती हैं। समाजवादी पार्टी ने 47 सीटों पर विजय हासिल की है और एक पर आगे है। उसकी गठबंधन सहयोगी कांग्रेस को 7 सीटें मिली हैं। बहुजन समाज पार्टी को 19 और राष्ट्रीय लोकदल को एक सीट मिली है और तीन निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए हैं। भाजपा के चुनाव जीतने वाले वरिष्ठ नेताओं में संगीत सोम, पूर्व सांसद विद्यासागर सोनकर, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह, गरिमा सिंह, रीता बहुगुणा जोशी, स्वामी प्रसाद मौर्य, भाजपा की प्रदेश महिला ईकाई की अध्यक्ष स्वाति सिंह तथा गृहमंत्री राजनाथ सिंह के पुत्र पंकज सिंह शामिल हैं।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और कई बार विधायक रहे डॉक्टर लक्ष्मीकांत वाजपेयी मेरठ से तथा सलिल विश्नोई आर्या नगर सीट से चुनाव हार गए हैं। हारने वाले अन्य उम्मीदवारों में विधानसभा अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी उम्मीदवार माता प्रसाद पांडे, बहुजन समाज पार्टी के मुख्तार अंसारी और उनके पुत्र अब्बास अंसारी तथा भाई सिब्गतुल्ला अंसारी, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनुग्रह नारायण सिंह और राष्ट्रीय लोकदल नेता करतार सिंह भदाना शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज शाम राजभवन में राज्यपाल रामनायिक से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। श्री नायिक ने इस्तीफा स्वीकार करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था होने तक उनसे कामकाज संभालने को कहा है।