‘चुप्पी तोड़ो खुलकर बोलो’ के मंत्र के साथ पुलिस ने छात्राओं को जागरूक कर पढ़ाया आत्मरक्षा का पाठ

यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उन्हें पालन करने का दिलाया संकल्प

कछौना (हरदोई)। मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध कछौना पुलिस ने छात्राओं को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को कस्बा स्थित जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज में गोष्ठी का आयोजन कर उन्हें आत्मरक्षा का पाठ पढ़ाया। इसके अलावा सड़क सुरक्षा के मद्देनजर यातायात नियमों की जानकारी भी साझा की गई।

नगर के लखनऊ-हरदोई राजमार्ग स्थित जानकी प्रसाद इंटर कॉलेज में प्रभारी निरीक्षक हंसमती ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि कस्बे में मनचलों और शोहदों पर नकेल लगाने के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड निरंतर मुस्तैद रहता है। इसके बावजूद यदि कोई शरारती तत्व कोई छेड़छाड़ कर रहा है या सुनसान स्थान पर रोकने का प्रयास कर रहा है तो फौरन स्थानीय पुलिस के सीयूजी नंबर, पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या महिला हेल्प लाइन 1090 पर काल कर सूचना दें। पुलिस महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि आत्मरक्षा पर सामने वाले पर किया गया हमला अपराध नहीं हैं। इसलिए महिलांओ को अपनी सुरक्षा की प्रति हर समय सजग और चौकन्ना रहना चाहिए। प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर महिला आरक्षियों ने विभिन्न प्रतिकूल परिस्थितियों में प्रयोग की जाने वाली आत्मरक्षा की कलाओं का प्रदर्शन कर छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर भी सिखाए।

उपनिरीक्षक राजकुमार तिवारी ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के तहत यातायात नियमों की जानकारी देते हुए उनका पालन करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग समझदारी का परिचय देते हुए यातायात नियमों का पालन करें तो आये दिन होने वाले हादसों पर काफी हद तक अंकुश लग सकता है। वहीं सांसद कौशल किशोर द्वारा चलाये जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत छात्रों को प्रेरित करने के लिए विद्यालय पहुंचे डॉ ए. के. पासवान ने कार्यक्रम के दौरान छात्र छात्राओं को नशे से होने वाले दुष्परिणामों के बारे में बताते हुए नशा मुक्त संमाज के निर्माण में भागीदारी के लिए जागरूक किया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रबन्धक डॉ०शिवराज सिंह पटेल, प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार, कॉलेज का समस्त स्टॉफ और प्रभारी निरीक्षक हंसमती सहित पुलिस टीम मौजूद रही।