दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से बनवाना सुनिश्चित करें:- खरे

कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत दिव्यांग जनकल्याण विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी पुलकित खरे ने जिला समाज कल्याण अधिकारी हर्ष मवार को निर्देश दिये कि डीडीआरसी के संचालन हेतु वित्तीय वर्ष 2019-20 के लिए नवीन प्रस्ताव भेजें । मानसिक बाधित बच्चों के लिए आये नवीन संस्थाओं की जांच करा लें । शासन के निर्देशानुसर समस्त दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड मुख्य चिकित्साधिकारी के माध्यम से बनवाना सुनिश्चित करें।

उन्होने जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिये कि दिव्यांग जनों के शादी-विवाह के अन्तर्गत ग्रामीण स्तर से भी दिव्यांगजनों के विवाह के पंजीकरण करायें तथा नवीन योजना के तहत जिन दिव्यांगों को दुकान निर्माण एवं संचालन के लिए धनराशि दी गयी है उनकी जांच कराये कि उक्त दिव्यांगजन दुकानों का संचालन कर रहे है या नहीं। श्री खरे ने शल्य चिकित्सा हेतु चयनित दिव्यांग बच्चों की करेक्टिव सर्जरी कराना सुनिश्चित करें। नवीन दिव्यांगजनों की पेंशन के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी गिरीश चन्द्र को निर्देश दिये कि सभी प्रधानों को सूचित कर दें कि वह अपनी ग्राम पंचायत के नवीन दिव्यांगजनों का प्रस्ताव ग्राम पंचायत में कर सूची तत्काल जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध करायें।

बैठक में नवीन मानसिक मंदित आश्रय गृह के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी एसके रावत से कहा कि आश्रय गृह के सम्बन्ध में उचित स्वयं सेवी संस्था का चयन जांच उपरान्त ही किया जाये। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी एसके रावत, सहायक निदेशक सूचना, नामित दिव्यांग सदस्य सहित अन्य सम्बन्धित विभाग के अधिकारी आदि मौजूद रहे।