दीपप्रज्वलन कर शुरू हुई क्षेत्र पंचायत बैठक, विकास को लेकर हुई कई मुद्दों पर चर्चा

कछौना (हरदोई): विकास खण्ड कछौना सभागार में शनिवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक आहूत की गई जिसमें जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में विकास कार्यों को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।

इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद अशोक रावत ने बताया कि विकास एक सतत प्रक्रिया है। देश के विकास की क्षेत्र पंचायत प्रथम कड़ी है। हम सभी मिलकर अपने क्षेत्र गांव के विकास के लिए सदैव प्रयासरत रहें, जिससे हमारे गांव का व्यक्ति मजबूत होगा तब हमारा राष्ट्र मजबूत होगा। विश्व पटल पर देश का नाम रोशन होगा। भारत सरकार सड़कों के निर्माण पर काफी जोर दे रही है। गांव को शहर से जोड़ने के लिए सड़कों का अहम योगदान होता है, इससे आवागमन सुगम होता है। लखनऊ पलिया हाइवे मार्ग का निर्माण युध्दस्तर पर चल रहा है। नगर में यातायात के लिए सुठेना बाईपास के निर्माण हेतु सरकार से 90 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई। पर्यावरण व आम जनमानस के लिए करोड़ो रुपयों की धनराशि का नगर वन का निर्माण कार्य चल रहा है जिससे दूर दराज के लोग, बच्चे, बुजुर्ग नगर वन का आनंद उठा सकते हैं। वह पर्यावरण के प्रति सजग होंगे। जिले की एक पहचान बन गई है जिससे क्षेत्र का नाम रोशन होगा। कस्बे के मुख्य रेलवे फाटक के ओवरब्रिज के लिए सतत प्रयासरत हैं परन्तु स्टेशन मार्ग पर काफी लोगों के घर व प्रतिष्ठान होने के कारण राज्य सरकार भूमि उपलब्ध नहीं करा पा रही है जिससे कार्य में व्यवधान बना है और जाम की समस्या बनी रहती है। कई बार इमरजेंसी वाहन फंसने से अनहोनी घटनाएं घट चुकी हैं।

इस अवसर पर विधायक रामपाल वर्मा ने बताया कि क्षेत्र पंचायत विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है। आप ग्रामीणों की छोटी छोटी मूलभूत समस्याओं से प्रतिदिन रूबरू होते हैं, उन समस्याओं को शासन प्रशासन को अवगत कराते हैं। आपकी भूमि काफी महत्वपूर्ण है। क्षेत्र की कुछ ज्वलंत समस्याएं हैं। विद्युत विभाग से गांवों को जाने वाली विद्युत लाइन काफी जर्जर होने के कारण आये दिन विद्युत कटौती व दुर्घटनायें होती हैं व ट्रांसफार्मर की क्षमता कम होने के कारण आये दिन ट्रांसफार्मर फुंक जाते हैं। विभाग द्वारा जर्जर लाइन को बदलवाने व ट्रान्सफार्मर की क्षमता बढ़ाने के लिए बजट स्वीकृत हो गया है। विभागीय कर्मचारी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं, अधिकारियों की उदासीनता के चलते लाइनमैन व मीटर रीडर उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान करते हैं।

सदस्य विधान परिषद अशोक अग्रवाल ने सदन को आश्वस्त किया। आप अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं का प्रस्ताव तैयार कर दें, जनसमस्याओं के निराकरण के लिए सदैव प्रयासरत हैं। भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास पर कार्य कर रही है। सभी कार्य पारदर्शिता के साथ कराये जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने अपने विभाग की योजनाओं पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला। सदन ने सदस्यों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए।

ग्राम सभा बालामऊ की क्षेत्र पंचायत सदस्य गीता देवी पत्नी अजीत कुमार सिंह ने ग्रामसभा में दलित बाहुल्य आबादी का क्षेत्र अभी तक विद्युत आपूर्ति से वंचित है। ग्रामीण अंधेरे में जीने को विवश हैं।

ग्राम प्रधान बिलौनी सहदिन ने बताया कि ग्रामसभा आदर्श ग्राम पंचायत में चयन किया गया परन्तु अभी तक कोई धनराशि नहीं जारी की गई जिससे योजना का लाभ ग्रामसभा को नहीं मिल रहा है। ग्राम प्रधान बघौड़ा ने बताया कि उनकी ग्रामसभा में पशुचर की भूमि गाटा संख्या 427 लगभग 12 बीघा भूमि पर एक व्यक्ति अनावश्यक विवाद डाले है जिससे गौशाला नहीं बन पा रहा है।

क्षेत्र पंचायत लक्ष्मी देवी पत्नी विजय कुमार निवासी चंदोईहार ने बताया कि ग्राम ताजपुर में जूनियर हाई स्कूल जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है जिसके कारण बरसात के समय नौनिहाल स्कूल नहीं जा पाते हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहम्मद सदीक ने बताया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र खजोहना में स्वास्थ्य कर्मी नियमित रूप से नहीं आते हैं। ग्राम प्रधान आलोक कुमार बालामऊ ने बताया कि ग्राम सभा में छुट्टा गोवंश के मृत शव का निस्तारण के लिए कोई धनराशि विभाग से नहीं मिलती है जिससे ग्रामों में छुट्टा गोवंश मृत अवस्था में कई दिनों तक बाहर पड़े रहने के कारण संक्रामक बीमारी फैलने की संभावना बनी रहती है।

इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधानगण, क्षेत्र पंचायत सदस्य, एडीओ पंचायत, मुख्य सचिव, ब्लॉक प्रमुख रामश्री, खंड विकास अधिकारी मानवेंद्र शर्मा, युवा भाजपा नेता संचित अग्रवाल, रवीश कुमार सिंह, प्रधानाचार्य राम शंकर शुक्ला, मंडल अध्यक्ष नवीन पटेल, युवा मोर्चा के वरिष्ठ युवा नेता अजीत वर्मा, मयंक शुक्ला सहित गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।

रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता