अब हवा में नहीं जमीन पर करना होगा काम, रंग में भंग न पड़े इसके लिए जिम्मेदारी हुई तय

               रंगपर्व होली पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस का पहरा रहेगा। मामले को लेकर एसपी विपिन कुमार मिश्र ने निर्देश जारी किए है।और निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस को सख्ती से निपटने का निर्देश दिया गया है।
               एसपी ने निर्देशों में कहा कि थानों के त्योहार रजिस्टर का अवलोकन कर यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि पिछले वर्षो में कोई तनाव और समस्या तो नहीं रही। सभी एसओ यह प्रमाण पत्र उपलब्ध करायें कि समय रहते उन्होंने त्यौहार को लेकर सारी तैयारी और निगरानी पूरी कर ली है। कहीं कोई विवाद नहीं है। होली के त्योहार को देखते सभी थानेदारों को निर्देश दिए है कि चौराहों पर अगर कोई अराजकतत्व बवाल करता पाया गया तो उस पर सख्त से सख्त कार्यवाही करें। उन्होंने बताया कि अगर कोई बवाल होता तो उसकी जिम्मेदारी सम्बंधित थानेदार की होगी।
              होली के पर्व पर होलिहारे खूब मस्ती करते हैं। डीजे की धुन पर थिरकना उनकी आदत में शुमार हो गया है। ऐसे में तमाम लोग नशे का सेवन भी कर लेते हैं। इससे मारपीट की अधिकतर घटनाएं होती रहती है। कानून व्यवस्था पर भी संकट हो जाता है। इस तरह की घटना न हो, इसे लेकर होली पर पुलिस अधीक्षक विपिन कुमार मिश्र ने मातहतों को पर्व की आड़ में हुड़दंग करने वालों से सख्ती से निपटने के लिए निर्देश दिया है। आने वाले त्योहार होली-धुरेंडी, रंग पंचमी के मौके पर उडऩे वाले रंग में भंग न पड़े, इसके लिए अभी से पुलिस अलर्ट हो गई है। त्योहार के दौरान अशांति फैलाने वालों से सख्ती से निपटना की बात कहते आम जनों को शांति व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए सहयोगी बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कीचड़-कालिख पर भी प्रतिबंध


तमाम लोग पर्व को बेरंग करने के लिए कीचड़, कालिख भी राहगीरों को लगा देते हैं। चेहरे में कीचड़ व कालिख लगाने से शरीर पर प्रतिकूल प्रभाव भी पड़ता है। इसे लेकर कई बार मारपीट भी होती है। इस बार की होली में पुलिस ने कीचड़-कालिख लगाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। इस तरह के होलिहारों की पुलिस खैर लेगी। अगर कोई ऐसा करता मिला तो उसे जेल जाना होगा।