बिलग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम ककराखेड़ा में विद्युत विभाग की उदासीनता के चलते एक परिवार की होली की खुशियों को बेरंग कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील क्षेत्र के ग्राम ककराखेड़ा निवासी अजय पाल बुधवार की शाम घर से खेत में पानी लगाने निकला जो पूरी रात घर नहीं लौटा।
घर वालों ने यह सोचा कि शायद देर रात तक खेत में पानी लग रहा हो। लेकिन जब सुबह भी अजय का कुछ पता नहीं चला तो लोगों ने खोजबीन शुरू की। इसी बीच कुछ ग्रामीणों की नजर उसके खेत की ओर गई। जहां अजय पानी लगाने के लिए घर पर बता के आया था। उसी स्थान पर युवक को पड़ा हुआ देखकर उसका परिवार व अन्य लोग दंग रह गए। क्योंकि जिस जगह पर युवक पड़ा हुआ मिला ठीक उसके शरीर के कुछ ही ऊपर हाईटेंशन लाइन के तार जमीन को छूते हुए गुजर रहे थे। आनन फानन में लोगों ने युवक को सीधा करके देखा कि अजय की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों ने बताया कि मृतक अजय पुत्र रामप्रसाद का एक चार वर्षीय पुत्र अभय है। मृतक अपने चार भाइयों में चौथे नंबर का युवक था जो खेती किसानी के साथ ही बेहद विनम्र स्वभाव का व्यक्ति बताया जाता है। जिसकी इस तरह अकस्मात मौत से पूरे गांव में मातम छा गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को इन झूलते तारों को ठीक कराने के लिए कहा गया। लेकिन हर बार उनकी बात को अनसुना कर दिया गया। लोगों का आरोप है कि विद्युत विभाग ने ग्रामीण किसान की जिंदगी छीनी है। परिवार में अब अनाथ हुए मासूम बच्चे का भविष्य अब केवल भगवान पर निर्भर है। कुछ इसी तरह की बातें आँसू भरी आंखों के साथ लोगों की जुबान से निकल रही थीं। जहां एक ओर घरों में होली पर्व की धूम धाम से तैयारी शुरू हो गई है। वहीं मृतक अजय पाल का इकलौता बेटा अभय व उसकी पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिवार को किसी तरह के मुआवजे का ऐलान तथा किसी भी सम्बंधित विभागीय अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कोई कार्यवाही की सूचना नहीं मिल सकी।