विधायक रामपाल वर्मा ने वृहद गोशाला का किया लोकार्पण

कछौना (हरदोई) : प्रदेश की भाजपा सरकार निराश्रित गौवंशों (पशुओं) के संरक्षण और संवर्धन के लिए सतत प्रयासरत है। वर्तमान समय में छुट्टा गौवंश की ज्वलंत समस्या है। छुट्टा गौवंशों (पशुओं) के कारण किसान व बेजुबान पशु दोनों परेशान हैं। आवारा गौवंशों से किसान फसल बचाने के लिए रात-रात भर रतजगा करने को विवश है। फसल को छुट्टा गौवंशों (पशुओं) से बचाने के लिए किसानों ने खेतों के किनारे कटीले तार लगा रखे हैं। जिनसे छुट्टा गौवंश चुटहिल होकर घायल हो जाते हैं। घायल गौवंश तड़प-तड़प कर मरने को विवश हैं। छुट्टा गौवंशों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा हुआ है। इस ज्वलंत समस्या के निराकरण के लिए ग्राम सभाओं में अस्थाई गौआश्रय स्थल खोले गए, जो ग्राम प्रधानों के रुचि न लेने के कारण व समय से धनराशि न मिलने के कारण प्रभावित हैं। जिनमें आये दिन पशु चारा, पानी के अभाव व पर्याप्त व्यवस्था न होने के कारण असमय मौत के घाट उतार रहे हैं। इसलिए वृहद गौशाला केंद्र खोले जा रहे हैं।

गुरुवार को विकास खंड बेहन्दर के ग्राम बेहन्दर खुर्द में वृहद गौ संरक्षण केंद्र का लोकार्पण विधायक रामपाल वर्मा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कृषि कार्य का आधुनिकीकरण के कारण पशुओं की उपयोगिता में कमी आई है। वहीं सरकार ने गौवंश वध अधिनियम का कड़ाई से पालन करने के कारण छुट्टा गौवंशों की समस्या खड़ी हो गई है। सरकार सतत प्रयासरत है। छुट्टा गौवंशों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु गौआश्रय केन्द्र, कान्हा उपवन, कांजी हाउस, गौ-संरक्षण केंद्र खोले जा रहे हैं। जहां पर गौवंश संरक्षित है। वहां से किसान पशुओं को गोद ले रहे हैं। जिनकी देखभाल के लिए प्रतिदिन प्रति गौवंश 30 रुपये की आर्थिक सहायता की जा रही है। पशुओं को उपयोगी बनाया जा रहा है। इनसे प्राप्त गोबर से जैविक खाद, बायोगैस तैयार की जा रही है। गोबर की खाद किसानों के लिए काफी उपयोगी है। वहीं किसानों को अपनी फसल के अवशेष (पराली) को गौआश्रय केंद्र देने के बदले गोबर की खाद उपलब्ध कराई जा रही है। इस वृहद गौ संरक्षण केंद्र में छुट्टा गौवंशों के लिए बेहतर सुविधाएं प्रदान की गई है। जिससे क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसानों की छुट्टा गौवंशों की समस्या से निजात मिलेगी। पूर्ववर्ती सरकारों में बेजुबान पशुओं को सरकारी अनदेखी के चलते गौ तस्कर दिनदहाड़े काट देते थे। सैकड़ों ट्रक लदकर गौवंश स्लॉटर हाउस में खपत हो जाते थे। सरकार के सबका साथ सबका विकास सबका विश्वास की भावना पर कार्य करने के कारण गौ तस्कर हिम्मत नहीं जुटा पा रहे कि वह किसी भी आस्था पर हमला कर पाए।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान, भाजपा पदाधिकारीगण, ब्लॉक कर्मी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी जे०एन० पांडेय, अधिशासी अभियंता संतोष कुमार श्रीवास्तव, खंड विकास अधिकारी बेहन्दर सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता