आज अपने दूसरे दिन के भ्रमण के दौरान मा0आयुक्त समाज कल्याण उ0प्र0/ नोडल अधिकारी चन्द्र प्रकाश ने विकास खण्ड बाबन के सभागार में आयोजित प्रधानों की संवाद बैठक को संबोधित करते हुये कहा कि हम सबको प्राकृतिक धरोहर को बनाये रखना होगा तभी आने वाले दिनो मेे हम अपनी नई पीढ़ी को स्वच्छ वातावरण दे सकेगें।
उन्होने कहा कि ग्राम प्रधान गांव का सबसे जिम्मेदार एवं सम्मानित व्यक्ति होता है, जिसे गांव की जनता इस विश्वास पर चुनती कि प्रधान गांव की सभी समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता से कराएंगे। उन्होने कहा कि सभी प्रधान अपने क्षेत्र के किसानों को खेती के साथ-साथ पशुपालन आदि करने की भी सलाह दें ताकि शासन की मंशानुरूप किसानों की आय को दोगुना करने का प्रयास सफल हो।
श्री प्रकाश ने प्रधानों से कहा कि अपने क्षेत्र की पीएचसी/सीएचसी, स्कूलों में भी जाकर स्वास्थ्य सेवाओं एंव शिक्षा की गुणवत्ता को देखें। उन्होने वातावरण स्वच्छ रखने हेतु गांव की साफ सफाई के साथ ही वृहद स्तर पर वृक्षारोपण कराने और पुराने तालाबों को फिर से जीवन्त बनाने को कहा ताकि गांव के जानवरों को साफ पानी मिल सके। उन्होने कहा कि किसान अपने खेत की मिट्टी का परीक्षण कराने के उपरान्त प्राप्त मृदा कार्ड में दी गयी जानकारी के अनुसार ही खाद का प्रयोग करें तथा हो सके तो अधिक से अधिक देशी खादों का प्रयोग करें।
उन्होने कहा कि प्रधान पात्रों को आवास, शौचालय, पेंशन आदि सभी योजनाओं का लाभ दिलाएं, तथा गांव में स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, विद्युत, सड़क एवं पेयजल मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता पर उपलब्ध कराएं तथा जिन विभाग के अधिकारी उनकी बातों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं उनकी शिकायत जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं शासन से करें।
बैठक में ब्लाॅक प्रमुख धर्मेन्द्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आनन्द कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डा0पी0 एन0चतर्वुेदी, अपर जिलाधिकारी डा0विपिन कुमार मिश्र, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी मन्नीलाल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बाबन ब्लाक के प्रधान आदि मौजूद रहे।